सभी अधिकारी आपस में समन्वय बनाकर करें कलस्टर व रूट चार्ट तैयार : उपायुक्त

खूंटी : पंचायत चुनाव को लेकर गुरुवार को डीसी,एसपी ने सभी वरीय पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी,पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए. बैठक में क्रमवार मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर न्यूनतम आधारभूत संरचना (एएमएफ), एसएसटी का गठन/चेकनाका का स्थल निर्धारण, मतदान दल का रूट चार्ट, कलस्टर केंद्रों का निर्धारण, आदर्श कम्युनिकेशन प्लान,
संवेदनशील/अतिसंवेदनशील एवं सामान्य मतदान केंद्रों एवं भवन, मतदान केंद्रों से संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट के संबंध चर्चा हुई.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त व पुलिस ने संयुक्त रूप से निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखण्ड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी को आपस में समन्वय बनाकर पंचायत निर्वाचन के कार्यों का संचालन करने के निर्देश दिए। ताकि योजना और व्यवस्था करने में किसी तरह की कोई चूक नहीं हो। उन्होंने कहा कि कलस्टर केंद्र का चयन, रूट चार्ट, संवेदनशील/अतिसंवेदनशील एवं सामान्य मतदान केंद्र एवं भवन चिन्हित करने का कार्य साझा करना है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त ने सभी को दो दिनों में रूट चार्ट एवं क्लस्टर मैपिंग करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी जगह मूलभूत सुविधाएं (बिजली,पानी,शौचालय) हो अथवा वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त ने सभी प्रखंडों के अंतर जिला सीमाओं पर स्टैटिक सर्विलांस टीम गठित करते हुए चेकनाका लगाने को कहा। उन्होंने फ्लाइंग स्कवार्ड टीम को भी सक्रिय करते हुए पंचायत क्षेत्र में निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्वाचन दायित्वों को गंभीरता से पूरा करने को कहा।

बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कार्य करें। शस्त्रों का भौतिक सत्यापन करें,अवैध शराब कारोबार/भंडारण को लेकर सघन जांच अभियान/छापेमारी करने का निर्देश दिया। सैडो बूथ चिन्हित करते हुए सूची दो दिनों में उपलब्ध कराने को कहा, ताकि आगे की तैयारी की जा सके। मौके पर पुलिस अधीक्षक ने कहा सभी गतिविधियों पर नजर रखनी है ताकि शांतिपूर्ण चुनाव सम्पन्न कराया जा सके।

इसके अलावा कई अन्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए जरूरी दिशा – निर्देश दिए।

प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी की उपस्थिति में प्रशासनिक तैयारियों एवं सुरक्षा दृष्टिकोण आधारित विस्तृत रूपरेखा तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मैप का अवलोकन करते हुए बेहतर रूट चार्ट निर्धारित किया जाए। उन्होंने बताया कि रूट चार्ट निर्धारण में यह स्पष्टता होनी चाहिए कि किन जगहों पर बड़ी वाहन या छोटी वाहन का प्रयोग किया जाएगा, मतदान कर्मियों का मतदान केंद्र पर आवागमन हेतु कैसी व्यवस्था सुनिश्चित रहेगी। इसके साथ ही बैठक में चिन्हित शैडो एरिया में कम्युनिकेशन प्लान के अलावे क्लस्टर पॉइंट पर क्या-क्या सुविधा उपलब्ध कराई जानी है सहित अन्य बिंदुओं पर उपस्थित पदाधिकारियों के साथ जानकारी को साझा किया गया।

उक्त के आलोक में पुलिस अधीक्षक के द्वारा बताया गया कि बैठक में त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के संचालन को लेकर पूरी तैयारियों सहित सुरक्षा के साथ-साथ आवागमन के विभिन्न पहलुओं पर उपस्थित पदाधिकारियों के साथ विस्तृत रूप से समीक्षा की गई है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एवं प्रखंड स्तर पर जो अन्य प्रशासनिक तैयारियां की जानी है उस निमित्त प्रशासन पूरी तरह से सजग है। उन्होंने कहा कि सफल पंचायत निर्वाचन संचालन में आप सभी की अहम भूमिका है, जिन्हें जो दायित्व दिया गया है उसका ईमानदारी से निर्वाहन करें।  उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों व उससे संबंधित मतदान केंद्रों पर विशेष चौकसी बरतने की बात कहीं। प्रखंडों में सटैटिक्स सर्विलांस टीम (एसएसटी) गठन, सीमावर्ती क्षेत्रों  पर चेकनाका लगाने व टीम को आने – जाने वाले वाहनों की पूरी विवरणी रजिस्टर में संधारित करने को कहा।

मौके पर अनुमण्डल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी व थाना प्रभारी अपने स्तर पर बैठक कर सभी बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उचित कार्य योजना तैयार करें। मौके पर उन्होंने विधि व्यवस्था संधारण समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की और जरूरी दिशा – निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *