सीएम हेमंत सोरेन अब वीडियो कॉल के जरिए जनता से करेंगे सीधा संवाद, ‘जानो’ प्रोजेक्ट पर चल रही है तैयारी

गणादेश,रांची : झारखंड में पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन व्यवस्था को और सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक नई पहल शुरू करने जा रहे हैं। इस पहल के तहत मुख्यमंत्री अब वीडियो कॉल के माध्यम से राज्य की जनता से सीधे संवाद करेंगे। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का नाम ‘जानो’ रखा गया है, जिस पर मुख्यमंत्री आवास में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

‘जानो’ प्रोजेक्ट के जरिए अब गांव-देहात और सुदूरवर्ती इलाकों में रहने वाले लोग भी सीधे अपने मुख्यमंत्री से फेस-टू-फेस बात कर सकेंगे। यह एक टू-वे कम्युनिकेशन सिस्टम होगा, जिसमें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोग अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सीधे मुख्यमंत्री के सामने रख पाएंगे। मुख्यमंत्री स्वयं जनता से संवाद कर जमीनी हकीकत की जानकारी लेंगे।

इस योजना के तहत मुख्यमंत्री आवास में एक विशेष कक्ष बनाया जा रहा है, जहां हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्शन, बड़ी एलईडी स्क्रीन और अत्याधुनिक लाइव वीडियो सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इसके माध्यम से मुख्यमंत्री अपनी बात सीधे जनता तक पहुंचा सकेंगे और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

प्रारंभिक चरण में इस प्रोजेक्ट के तहत कुछ जिलों के लोगों से संवाद किया जाएगा। इसके बाद धीरे-धीरे इसका विस्तार कर राज्य के सभी जिलों को इससे जोड़ा जाएगा। जानकारों का मानना है कि नए साल में मुख्यमंत्री की यह पहल शासन व्यवस्था में बड़ा बदलाव ला सकती है।

इस प्रोजेक्ट से सरकारी योजनाओं में बिचौलियों की भूमिका कम होगी, मुख्यमंत्री को योजनाओं की वास्तविक स्थिति की सही जानकारी मिलेगी और जनता की समस्याओं का समाधान तेज़ी से हो सकेगा। गौरतलब  है कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में भी इस तरह की पहल की गई थी, लेकिन उस समय सीमित संसाधनों और इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या के कारण इसका व्यापक विस्तार नहीं हो पाया था।

वर्तमान समय में गांव-गांव तक इंटरनेट की पहुंच और मोबाइल फोन की व्यापक उपलब्धता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की यह पहल प्रभावी साबित होने की उम्मीद है और इसका सीधा लाभ राज्य की जनता को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *