24 जनवरी को खूंटी वन प्रमण्डल द्वारा जप्त वनोपज की आम नीलामी
गणादेश,खूँटी : झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अंतर्गत खूँटी वन प्रमण्डल द्वारा जप्त वनोपज की आम नीलामी की तिथि घोषित कर दी गई है। वन प्रमण्डल पदाधिकारी, खूँटी वन प्रमण्डल के अनुसार यह आम नीलामी 24 जनवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे खूँटी वन प्रमण्डल के प्रमण्डलीय कार्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी।
नीलामी में खूँटी वन प्रमण्डल के विभिन्न स्थलों पर रखे गए जप्त वनोपज को “जहाँ है, जिस स्थिति में है” के आधार पर बेचा जाएगा। इसमें खूँटी वन प्रक्षेत्र अंतर्गत खूँटी वन परिसर के आहाते, जाते रेस्ट हाउस परिसर के आहाते तथा खूँटी वन प्रमण्डल के प्रमण्डलीय कार्यालय परिसर में संग्रहित वनोपज शामिल हैं। नीलामी से पूर्व इच्छुक बोलीदाता संबंधित लॉट का निरीक्षण कर सकते हैं।
नीलामी में भाग लेने के लिए प्रत्येक निविदादाता को एक लाख रुपये की गेट मनी जमा करनी होगी। यह राशि वन प्रमण्डल पदाधिकारी, खूँटी वन प्रमण्डल के नाम से खूँटी स्थित किसी राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा में देय बैंक ड्राफ्ट अथवा नकद के रूप में स्वीकार की जाएगी। सफल बोलीदाता के लिए यह राशि सुरक्षा जमा के रूप में समायोजित होगी, जबकि असफल बोलीदाताओं को गेट मनी शीघ्र वापस कर दी जाएगी।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नीलामी में भाग लेने वाले क्रेताओं का जीएसटी अधिनियम के तहत पंजीकृत होना अनिवार्य है। विक्रय मूल्य के अतिरिक्त नियमानुसार जीएसटी, आयकर एवं अन्य लागू कर भी देय होंगे। यदि किसी कारणवश नीलामी तिथि को अवकाश या बंदी घोषित होती है, तो नीलामी अगले कार्यदिवस में संपन्न कराई जाएगी।
नीलामी में शामिल वनोपज का अनुमानित आयतन इस प्रकार है—लॉग 342.77 घन मीटर, चिरान 15.96 घन मीटर, जलावन 68.95 घन मीटर तथा 45 बल्ली। नीलामी से संबंधित विस्तृत शर्तें एवं अन्य जानकारी कार्यालय अवधि में खूँटी वन प्रमण्डल कार्यालय से प्राप्त की जा सकती हैं। इसके अलावा नीलामी की शर्तें जिला प्रशासन की वेबसाइट khunti.nic.in तथा वन विभाग की वेबसाइट forest.jharkhand.gov.in पर भी उपलब्ध हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9709249488 पर संपर्क किया जा सकता है।



