ठिठुरन में उम्मीद की गर्माहट, अदाणी फाउंडेशन बना सहारा
भागलपुर। जब कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को जकड़ रखा है और लोग अलाव व रजाइयों के सहारे रातें गुजारने को मजबूर हैं, ऐसे कठिन समय में अदाणी फाउंडेशन की पहल जरूरतमंदों के लिए राहत की किरण बनकर सामने आई है। पीरपैंती क्षेत्र के गांव-गांव पहुंचकर फाउंडेशन की टीम गरीब, असहाय और बुजुर्गों को कंबल वितरित कर मानवीय जिम्मेदारी निभा रही है।
अब तक पीरपैंती इलाके में पांच हजार से अधिक कंबल बांटे जा चुके हैं। इसी क्रम में मंगलवार को हरिणकोल पंचायत के हरीसपुर गांव में लगभग पांच सौ जरूरतमंदों के बीच कंबलों का वितरण किया गया। ठंड से कांपते हाथों में जब कंबल पहुंचे, तो बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के चेहरों पर राहत और संतोष की झलक साफ दिखाई दी।
अदाणी फाउंडेशन के अधिकारियों ने बताया कि इस सेवा अभियान को सफल बनाने में पंचायत प्रतिनिधियों मुखिया, सरपंच और वार्ड सदस्यों का सक्रिय सहयोग मिल रहा है, जिससे सही समय पर सही लोगों तक मदद पहुंचाई जा रही है।
वहीं पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुरारी पासवान ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण ठंड के दौर में गरीबों और असहायों के लिए किया गया यह प्रयास न केवल राहत देने वाला है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरक उदाहरण भी है।



