रांची जिले में सेवानिवृत्त शिक्षकों की विदाई सम्मान एवं पेंशन दरबार आयोजित
रांची: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय के ब्लॉक-ए स्थित कॉन्फ्रेंस कक्ष में एक विशेष पेंशन दरबार सह सेवा निवृति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षकों को उनके लंबे एवं समर्पित सेवा काल के लिए सम्मानित करना तथा सेवानिवृत्ति के ही दिन सभी पेंशनरी लाभ प्रदान करना था, जो जिला प्रशासन की संवेदनशील एवं कर्मचारी हितैषी पहल का प्रतीक है।
उपायुक्त ने स्वयं कुल 12 सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं एक़ आदेशपाल, एक़ प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को स्मृति चिह्न (मोमेंटो), शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि शिक्षक समाज के निर्माणकर्ता होते हैं। उनके योगदान से ही आने वाली पीढ़ियां मजबूत बनती हैं। उपायुक्त ने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि सेवानिवृत्ति के ठीक उसी दिन सभी रिटायरमेंट लाभ प्रदान करना एक बड़ी उपलब्धि है, जो शिक्षकों के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों को सलाह दी कि वे स्वयं को व्यस्त रखें, समाज सेवा में सक्रिय रहें तथा नए कार्यों में नई उपलब्धियां हासिल करें। उपायुक्त ने कहा, “ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको लंबी आयु एवं उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करे। जीवन की इस नई पारी में आप सभी नई ऊंचाइयों को छूएं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक श्री बादल राज एवं जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के कर्मियों को विशेष धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक श्री बादल राज सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
(1) श्रीमती शांति मुनी तिर्की, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, तमाड़।
(2) श्रीमती सुशीला खाखा, सहायक शिक्षिका, रा.म.वि. गाड़ी, रांची।
(3) श्रीमती शबाना परवीन, सहायक शिक्षिका, रा.उत्क्र. उच्च विद्यालय हटिया, रांची-2।
(4) श्री रामेश्वर महतो, सहायक शिक्षक, रा.म.वि. पिस्का, ओरमांझी।
(5) श्री अजय कुमार मिश्र, सहायक शिक्षक, रा.उत्क्र. उच्च विद्यालय पुरियो, रातू।
(6) श्री प्रदीप कुमार गुप्ता, सहायक शिक्षक, रा.म.वि. मुड़मा, नगड़ी।
(7) श्री त्रिलोचन महतो, सहायक शिक्षक, रा.प्रा.वि. बेतलांगी, चान्हो।
(8) श्री संजय कुमार चौरसिया, सहायक शिक्षक, रा.कन्या म.वि. खत्रीखटंगा, बेड़ो।
(9) श्री शंकर खलखो, सहायक शिक्षक, रा.प्रा.वि. देवगांव, लापुंग।
(10) श्री विराज केरकेट्टा, सहायक शिक्षक, रा.म.वि. दोलेचा, लापुंग।
(11) श्रीमती लक्ष्मी देवी, सहायक शिक्षिका, रा.उ.म.वि. काशीडीह, अनगड़ा।
(12) श्रीमती थेओदोरा एक्का, प्रधानाध्यापिका, संत जोन्स मध्य विद्यालय नवाटांड, मांडर।
(13) श्री विलियम तिर्की, सहायक शिक्षक, शांति रानी मध्य विद्यालय बड़ा घाघरा, डोरंडा।
(14) श्री बाहा उरांव, आदेशपाल, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, अनगड़ा।
शिक्षकों के कल्याण एवं सम्मान को प्राथमिकता
यह आयोजन जिला प्रशासन की उस निरंतर कोशिश का हिस्सा है, जिसमें कर्मचारियों विशेषकर शिक्षकों के कल्याण एवं सम्मान को प्राथमिकता दी जाती है। ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाते हैं तथा प्रशासनिक पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।



