जिला उद्योग केंद्र, खूंटी में पीएम विश्वकर्मा योजना पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

खूंटी: भारत सरकार के एमएसएमई मंत्रालय के अंतर्गत एमएसएमई-विकास कार्यालय, रांची द्वारा जिला उद्योग केंद्र, खूंटी में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना पर आधारित एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को योजना के लाभ, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा वित्तीय सहायता की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन 30 दिसंबर 2025 को पूर्वाह्न 11.30 बजे जिला उद्योग केंद्र, खूंटी के सभागार में मुख्य अतिथि राजीव रंजन, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, खूंटी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन सत्र में बीईसी आशीष वर्मा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम की संयोजक  ज्योत्सना गुड़िया, सहायक निदेशक ने योजना की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 18 पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगर एवं शिल्पकार शामिल हैं। योजना के तहत लाभार्थियों को 5 से 7 दिनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें ₹500 प्रतिदिन की दर से स्टाइपेंड मिलेगा। प्रशिक्षण के बाद टूलकिट के लिए ₹15,000 का ई-वाउचर तथा पहले चरण में ₹1 लाख और दूसरे चरण में ₹2 लाख तक का कोलेटरल-फ्री ऋण मात्र 5 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्य अतिथि श्री राजीव रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ 17 सितंबर 2023 को प्रधानमंत्री द्वारा किया गया था, जिसका उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक सहायता, आधुनिक उपकरण और बाजार से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने अधिक से अधिक कारीगरों से योजना में पंजीकरण कराने की अपील की।

तकनीकी सत्र में एटेलियर झारखंड के श्री रॉबर्ट एक्का ने डिजिटल मार्केटिंग और ई-कॉमर्स के माध्यम से उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री, मूल्य निर्धारण, पैकेजिंग और लेबलिंग की जानकारी दी। वहीं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक एवं पेटीएम के प्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को यूपीआई क्यूआर कोड उपलब्ध कराए। इसके बाद डीईसी अलेन टोपनो ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, उद्यम पंजीकरण और राज्य सरकार की सहायता योजनाओं की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *