स्व. सुमित तिग्गा के परिजनों से मिले कांग्रेस नेता, हरसंभव सहायता का दिलाया भरोसा
खूंटी : कर्रा प्रखंड के गुयू गांव में बीते रविवार को आदिवासी कांग्रेस के प्रखंड महासचिव स्व. सुमित तिग्गा की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर की गई हत्या से कांग्रेस संगठन में शोक की लहर है। इस घटना को खूंटी जिला कांग्रेस कमेटी ने संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
मंगलवार को शोकाकुल परिवार से मिलने प्रदेश सह प्रभारी भूपेंद्र मारावी, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग तथा प्रखंड अध्यक्ष अल्बर्ट तिग्गा गुयू गांव पहुंचे। नेताओं ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रदेश सह प्रभारी भूपेंद्र मारावी ने कहा कि स्व. सुमित तिग्गा एक कर्मठ, जुझारू और संगठन के प्रति समर्पित युवा नेता थे। उनकी हत्या से न केवल परिवार बल्कि पूरे संगठन को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने आदिवासी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राज उरांव से बातचीत कर पीड़ित परिवार को हर स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिला, प्रदेश और केंद्रीय कांग्रेस कमेटी इस दुख की घड़ी में दिवंगत के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक होनहार युवा नेता को खो दिया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने दूरभाष पर खूंटी एसपी, कर्रा थाना प्रभारी और कर्रा अंचल अधिकारी से बातचीत कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर प्रखंड आदिवासी कांग्रेस के जिला महासचिव सुचित सांगा, आदिवासी कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष एलेक्सियस परधिया, अनमोल होरो, मानुएल सांगा, बेर्नाड तिग्गा, भोला खान, उमेश कुमार, विनीता धान, हबील तिग्गा, संदीप समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।



