डीपीआरओ ने फटका व कमरा पंचायत का निरीक्षण किया, सचिव का वेतन स्थगित
गणादेश,खूंटी : जिला पंचायत राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) डॉ. शिशिर कुमार सिंह ने तोरपा प्रखंड के दुर्गम फटका पंचायत का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ज्ञान केंद्र से संबंधित कंप्यूटर, एलईडी और पुस्तकें पंचायत भवन में अनुपस्थित मिलीं। पूछने पर पंचायत सचिव महावीर राम ने बताया कि सामग्री दूसरे गांव में रखी गई है। बायोमैट्रिक अटेंडेंस मशीन भी अन्य पंचायत में पाए जाने की बात सामने आई।
डीपीआरओ ने पाया कि पंचायत सचिव कम ही पंचायत में उपस्थित रहते हैं, जबकि रोजगार सेवक और मोबिलाइज़र नियमित रूप से कार्यरत मिले। सरकारी कार्यों में लापरवाही और ई-पंचायत सेवाओं में विलंब को गंभीर मानते हुए डीपीआरओ ने पंचायत सचिव को स्पष्टीकरण जारी किया और उनका वेतन स्थगित कर उपायुक्त को विस्तृत प्रतिवेदन भेजा। पंचायत भवन की सुरक्षा को देखते हुए मुखिया को रात्रि प्रहरी नियुक्त करने तथा कनिष्ठ अभियंता को भवन की घेराबंदी का प्राक्कलन तैयार कर विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद डीपीआरओ ने कमरा पंचायत का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने 19 से 25 दिसंबर तक चलने वाले “प्रशासन गांव की ओर” अभियान से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। पंचायत सचिव को विवाह निबंधन कार्य में तेजी लाने और हेमंती कुमारी को पंचायत के कार्यों में सहयोग के साथ ज्ञान केंद्र को सक्रिय करने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देने और जनसहयोग से ज्ञान केंद्र में पुस्तकों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया।



