आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार अभियान में बढ़ी लोगों की सहभागिता
बोकारो – जिले के विभिन्न प्रखंडों में मंगलवार को आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत आयोजित शिविरों में लोगों की भारी उपस्थिति देखने को मिली। सुबह से ही पंचायत परिसरों में ग्रामीणों का भीड़ उमड़ पड़ा, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि अभियान के चौथे दिन भी सरकारी सेवाओं और योजनाओं के प्रति लोगों में उत्साह कम नहीं हुआ है।
शिविरों में जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने लाभुकों की समस्याओं और आवेदनों को गंभीरता से सुना। कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया जबकि कुछ आवेदन त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सौंपे गए। अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का लक्ष्य ग्रामीणों को सरकारी सेवाएं दरवाजे पर उपलब्ध कराना है, जिससे आम नागरिकों को अनावश्यक दौड़-भाग से मुक्ति मिले।मंगलवार को भी प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों ने पूरे दिन विभिन्न शिविरों का दौरा करते रहे। उन्होंने विभागीय स्टालों की प्रगति की समीक्षा की और ग्रामीणों से सीधा संवाद भी किया। पदाधिकारियों ने लाभुकों की शिकायतों और जरूरतों को समझते हुए विभागीय टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अभियान के चौथे दिन भी विभिन्न प्रमाण पत्रों और सरकारी सुविधाओं से संबंधित सेवाओं के लिए बड़ी संख्या में आवेदन पहुंचे। जिन सेवाओं के लिए सर्वाधिक आवेदन आए, उनमें शामिल हैं जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं एवं अन्य लोक कल्याणकारी योजनाएं आदि। ग्रामीणों ने बताया कि पहले इन कार्यों के लिए उन्हें कई कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब सभी सेवाएं एक ही स्थल पर उपलब्ध होने से उन्हें काफी राहत मिली है।शिविरों में प्रशासन द्वारा उत्तम व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई। पंचायत परिसरों में हेल्प डेस्क, पेयजल की व्यवस्था, बैठने के लिए उचित स्थान, पुलिस सहायता केंद्र, मीडिया सेंटर और तकनीकी सहयोग उपलब्ध रहा। इन सभी व्यवस्थाओं से लाभुकों को आवेदन प्रक्रिया निपटाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार अभियान वास्तव में सरकारी सेवा वितरण को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बना रहा है।



