बाइक चोरी में सरगना सहित तीन गिरफ्तार
बोकारो -बोकारो जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार हो रही बाइक चोरी में बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के निर्देशानुसार एक छापामारी दल गठन कर चोरी में संलिप्त चोरों सहित गिरोह के सरगना को बालीडीह थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है । उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल नौ चोरी की बाइकें बरामद की हैं। सभी बाइकें बीते कई दिनों से बोकारो जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। एसपी हरविंदर सिंह ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि बोकारो जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान गिरोह के मुख्य सरगना समशेर आलम समेत दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया।एसपी ने बताया कि गिरोह चोरी की बाइक को बोकारो से चुराकर पश्चिम बंगाल में खपाता था। इस काम में चंदन उर्फ छोटू और आनंद की भी भूमिका सामने आयी है। पुलिस इनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में बाइक चोरी गिरोहों पर कार्रवाई जारी रहेगी और आने वाले दिनों में कई और खुलासे होने की आशंका है।



