आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है : अरुण साबू  

 मुरहू प्रखण्ड में 21 नवंबर से आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम

गणादेश,खूंटी :मुरहू प्रखण्ड में आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम 21 नवंबर से प्रारंभ होने जा रहा है। प्रखण्ड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार सिन्हा एवं मुरहू प्रखण्ड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू की संयुक्त अध्यक्षता में गुरुवार को विस्तृत समीक्षा एवं योजना संचालन को लेकर बैठक हुई।

बैठक में प्रखण्ड के सभी पंचायत सचिव, प्रखण्ड समन्वयक पदाधिकारी, अभियंता, तथा अन्य प्रखण्ड कर्मियों ने भाग लिया। आगामी शिविरों को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सभी अधिकारियों ने विस्तृत रूपरेखा तैयार की, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक ग्रामीण को तत्काल सहायता प्रदान की जाए। इस पर BDO रंजीत कुमार सिन्हा ने प्रत्येक केंद्र पर सहायता केंद्र  स्थापित करने का आदेश जारी किया, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी एवं आवश्यक सहयोग तुरंत उपलब्ध हो सके।

प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री रणजीत सिन्हा ने कहा कि मुरहू प्रखण्ड के 16 पंचायतों में लगने वाले शिविरों के माध्यम से अधिकतम लोगों को छूटी हुई योजनाओं से जोड़ने तथा नई योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अधिकांश ग्रामीण विभिन्न योजनाओं से पहले ही लाभान्वित हो चुके हैं, फिर भी यदि कोई परिवार या व्यक्ति छूट गया होगा तो उसे भी प्राथमिकता के साथ लाभ दिलाया जाएगा।यह कार्यक्रम मुरहू प्रखण्ड के सभी ग्रामीणों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रशासन द्वारा इसके सफल संचालन हेतु सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *