भाजपा के आरोप हताशा की उपज : विनोद पांडेय
रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह के आरोपों को झारखंड की बदलती तस्वीर और हेमंत सोरेन सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से उपजी हताशा बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड को डेढ़ दशक के शासन में बदहाली की स्थिति में छोड़कर गई और अब उसी तुलना में खुद असहज हो रही है।
पांडेय ने कहा कि भाजपा आदिवासी–मूलवासी, गरीब और युवाओं के मुद्दों पर कभी गंभीर नहीं रही। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे अहम क्षेत्रों में भाजपा की नीतियाँ विफल रहीं, जबकि हेमंत सरकार ने शिक्षक बहाली, स्कूलों के नवीनीकरण, उच्च विद्यालयों के उन्नयन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में उल्लेखनीय काम किया है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर भाजपा का बोलना हास्यास्पद है, क्योंकि देश में भ्रष्टाचार का नया ढांचा उसी ने खड़ा किया है। वहीं केंद्र का सहयोग झारखंड का अधिकार है, उपकार नहीं। कोयला रॉयल्टी, 1932 खातियान, सरना धर्म कोड और पिछड़ों के आरक्षण जैसे मुद्दों पर भाजपा की चुप्पी सवाल खड़े करती है।
घाटशिला उपचुनाव परिणाम पर पांडेय ने कहा कि जनता ने विकास और भरोसे के आधार पर झामुमो को चुना है। भाजपा अपनी हार को सहानुभूति बताकर जनता का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता हेमंत सरकार पर भरोसा करती है, और अरुण सिंह के बयान भाजपा की बौखलाहट का परिणाम हैं।



