राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2025 : भागलपुर प्रमंडल में जिम्मेदार पत्रकारिता का संकल्प
भागलपुर। राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2025 पर शुक्रवार को भागलपुर प्रमंडल कार्यालय में एक सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। प्रमंडल के शीर्ष अधिकारियों और वरिष्ठ पत्रकारों की मौजूदगी में कार्यक्रम की शुरुआत संयुक्त निदेशक और वरिष्ठ संवाददाताओं द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई।संयुक्त निदेशक ने प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की स्थापना यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 16 नवंबर 1966 को इसकी नींव रखी गई थी, जबकि 1978 में प्रेस काउंसिल एक्ट लागू हुआ। उन्होंने कहा कि 28 सदस्यों वाला यह निकाय पूरी तरह स्वायत्त संस्था है, जिसके अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश होते हैं। इसका प्रमुख उद्देश्य प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा और पत्रकारिता की नैतिकता को सुनिश्चित करना है।इस वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस का विषय- ‘ग़लत सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता बनाए रखना’ – पर चर्चा करते हुए संयुक्त निदेशक ने कहा कि अफवाहें और भ्रामक सूचनाएं कई बार समाज में तनाव और असामाजिक परिस्थितियां उत्पन्न कर देती हैं। इसलिए संवेदनशील खबरों की सावधानीपूर्वक जांच अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति पर गंभीर आरोप प्रकाशित करने से पहले उसका पक्ष जानना पत्रकारिता का मूल धर्म है, ताकि खबर सटीक और निष्पक्ष रहे।कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार राजीव सिद्धार्थ, प्रवीण मिश्रा और मो. तसनीम कौशल इक़बाल ने भी मीडिया की ज़िम्मेदारी, चुनौतियों और आधुनिक दौर में विश्वसनीय रिपोर्टिंग की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।
इस मौके पर नवनीत मिश्रा, जुबेर, दीपक नौरंगी, विजय कुमार सिन्हा, श्यामानंद सिंह, विकास कुमार, दिलीप कुमार, मनोज गुप्ता, शम्भु भगत, कांतेश कुमार, सैयद इनाम उद्दीन, रईस खान सहित विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन जिम्मेदार, संवेदनशील और निष्पक्ष पत्रकारिता के संकल्प के साथ हुआ।



