मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना लागू करने की मांग, दिलीप मिश्रा ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
गणादेश,खूंटी: झारखंड विकास मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्रा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना को शीघ्र लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दो वर्ष पूर्व बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से इस योजना की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक किसी भी जिले में निधि आवंटन नहीं हुआ है।
मिश्रा ने पत्र में उल्लेख किया कि योजना के तहत राज्य के बेरोजगार युवकों को 40 प्रतिशत अनुदान के साथ आर्थिक सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य था। परंतु अब तक इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं को अब भी रोजगार की तलाश में भटकना पड़ रहा है और सरकार की चुप्पी से निराशा फैल रही है।
उन्होंने कहा कि इस योजना से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल सकते हैं, जिससे राज्य में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को बल मिलेगा। मिश्रा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि घोषणा को अमल में लाकर युवाओं को योजना का लाभ दिलाया जाए।
इस संबंध में उन्होंने मुख्य सचिव झारखंड को भी पत्र की प्रति भेजी है। उन्होंने कहा कि सरकार की पहल से युवाओं में उम्मीद जगेगी और झारखंड आत्मनिर्भरता की दिशा में एक कदम आगे बढ़ेगा।



