खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, कहा – हर पंचायत की सड़कें होंगी दुरुस्त, खेती को मिलेगा बढ़ावा
गणादेश,खूंटी: सांसद कालीचरण मुंडा गुरुवार को अड़की प्रखंड के बारीगड़ा गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। सभा में बारीगड़ा सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग उपस्थित थे। ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष डीजे बाजार से सिरूम-सेरेंगडीह तक सड़क निर्माण, कांची नदी पर रास्ता और बुरूबेड़ा से कसमारडीह भाया बुरूटोला सड़क निर्माण की मांग रखी। साथ ही कई गांवों में बिजली और पेयजल की समस्या से अवगत कराया।
मुखिया जयंती देवी ने कहा कि बरसात के दिनों में सड़कों की हालत इतनी खराब हो जाती है कि पैदल चलना मुश्किल हो जाता है।
सांसद मुंडा ने कहा कि पंचायतों की सड़कों का निर्माण शीघ्र कराया जाएगा और खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए बाले बांदा योजना को सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेती को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है।
सांसद ने ग्रामीणों से नशा छोड़ने और खेती-बारी व स्वरोजगार पर ध्यान देने की अपील की। साथ ही किसानों को सेमियालता, लेमनग्रास और पामारोजा की खेती अपनाने की सलाह दी ताकि आय बढ़ सके।
कार्यक्रम में मो. नईमुद्दीन खां, अमित कुमार, देसाई मुंडा, बुधराम बोदरा सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।



