कोयला प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर ने तीन दिवसीय प्रतियोगिता का किया शुभारंभनिर्मल महाराज
बोकारो – बोकारो के पुलिस लाइन मैदान में बुधवार को भव्य आयोजन के साथ कोयला क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। भव्य आतिशबाजी के बीच इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन कोयला प्रक्षेत्र पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर ने किया। प्रतियोगिता का माहौल देशभक्ति, खेल भावना और उत्साह से सराबोर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक स्थल पर पुष्प अर्पण समारोह से हुई। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर, उपायुक्त अजय नाथ झा तथा अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने शहीद पुलिस जवानों को नमन करते हुए उनके बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों की प्रेरणा से ही आज पुलिस बल और प्रशासन जनता की सेवा में निष्ठापूर्वक कार्य कर रहा है।
प्रतियोगिता में बोकारो और धनबाद जिले के कुल 224 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स (5000 मीटर, 1500 मीटर, 800 मीटर, 400 मीटर, 200 मीटर, 100 मीटर दौड़, रिले रेस, लॉन्ग जम्प, हाई जम्प, ट्रिपल जम्प, शॉट पुट, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो) जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का समापन समारोह 14 नवंबर को निर्धारित है, जिसमें विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर ने अपने संबोधन में कहा कि, खेल हमारे जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यह हमारे शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास का एक सम्पूर्ण साधन है। खेल से न केवल हमारा शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि यह हमारे मानसिक तनाव को भी कम करता है और हमें जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं सहयोग की भावना सिखाता है।
खेल एक महान सामाजिक संगठन है जहां खिलाड़ी एक टीम के रूप में कार्य करते हुए सामूहिकता और नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन* करते हैं। यह हमारे संगठनात्मक गुणों को विकसित करता है तथा सामरिक बुद्धि को सशक्त बनाता है। खेल हमें नियमों का पालन सिखाता है और नैतिक मूल्यों के प्रति आस्था को मजबूत करता है।कार्यक्रम में डीआइजी सीआरपीएफ शंभु कुमार सिंह, जैप- 4 समादेष्टा शंभु कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, डीडीसी शताब्दी मजूमदार, तथा चास एसडीओ चास प्रांजल ढ़ांडा, एसडीपीओ चास प्रवीण कुमार, सीटी डीएसपी आलोक रंजन, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस बल के सदस्य, प्रशिक्षक और खिलाड़ी आदि उपस्थित रहे।



