बिरसा मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ
खूंटी, झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आज बिरसा मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, खूंटी में जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के रूप में विधायक राम सूर्या मुंडा, उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्रीमती आर. रॉनिटा समेत उप विकास आयुक्त श्री आलोक कुमार, परियोजना निदेशक, आईटीआई आलोक शिकारी कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती अपरुपा पाल चौधरी, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री अभय कुमार शील, तथा जिला खेल-सह-पर्यटन पदाधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों का पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया तथा अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का स्वागत भाषण जिला खेल-सह-पर्यटन पदाधिकारी श्री राजेश कुमार द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों एवं विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, खूंटी की छात्राओं द्वारा शानदार बैंड प्रदर्शन किया गया। यह वही टीम है जिसने हाल ही में आयोजित स्टेट लेवल इंटर स्कूल प्रतियोगिता में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। इसी प्रकार नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय के छात्रों ने भी बेहतरीन बैंड प्रदर्शन किया, जिन्होंने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया था।
इसके अतिरिक्त स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत ढोल-नगाड़ों एवं लोक नृत्य ने खूंटी की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरा को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।



