आरजेडी में शामिल होकर पीरपैंती लौटे भाजपा विधायक ललन कुमार का विरोध, ग्रामीण बोले – ‘दलबदलू नेता वापस जाओ’
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर :पीरपैंती की सियासत में इन दिनों हलचल तेज़ है। भाजपा छोड़कर आरजेडी का दामन थामने वाले विधायक ललन कुमार जब गुरुवार को पहली बार अपने क्षेत्र में लौटे, तो उनका स्वागत फूल-मालाओं से नहीं, बल्कि ‘दलबदलू नेता वापस जाओ’ के नारों से हुआ।विधायक ललन कुमार रामपुर गांव पहुंचे थे, जहां वे आरजेडी प्रत्याशी रामविलास पासवान के लिए प्रचार करने आए थे। पर जैसे ही ग्रामीणों को पता चला कि भाजपा का पूर्व विधायक अब राजद की ओर से वोट मांगने आया है, लोगों में नाराज़गी फूट पड़ी। भीड़ ने ‘दलबदलू’ और ‘जनता का भरोसा तोड़ने वाले’ जैसे नारे लगाए।भाजपा से टिकट कटने के बाद ललन पासवान ने हाल ही में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। दो दिन दिन पूर्व ही उन्होंने पटना में तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी की मौजूदगी में आरजेडी की सदस्यता ग्रहण की।इसके बाद वे बिना समय गंवाए अपने विधानसभा क्षेत्र लौटे और गुरुवार से ही आरजेडी के लिए प्रचार में जुट गए।इस बीच सोशल मीडिया पर एक और वीडियो ने विवाद को और हवा दे दी है। जत्तीपुर गांव के वायरल वीडियो में रविदास समाज की एक महिला विधायक से लिए गए ₹50,000 रुपए की रकम वापस करने की बात करती नजर आ रही है। वीडियो में महिला साफ कहती है कि ‘हमारा पैसा लौटाइए, नहीं तो वीडियो वायरल करेंगे।’ जवाब में विधायक गुस्से में महिला को मुकदमे की धमकी देते सुने जा सकते हैं। इसी दौरान, वीडियो बना रहे एक व्यक्ति से विधायक का सुरक्षाकर्मी मोबाइल छीनते भी दिख रहा है।
गांव के लोगों का कहना है कि कैमरा बंद होने के बाद महिलाओं ने विधायक को जमकर सुनाई और उन्हें गांव से जाने तक कह डाला। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि ललन पासवान ने पिछले चुनावों में क्षेत्र के कई लोगों से कर्ज लेकर लौटाया नहीं, और अब वही लोग अपना पैसा मांग रहे हैं।
ललन पासवान का भाजपा से आरजेडी में जाना क्षेत्र की राजनीति में बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। भाजपा समर्थक इस कदम से नाराज हैं, जबकि आरजेडी खेमे में भी कुछ कार्यकर्ता नए प्रवेश को लेकर असहज बताए जा रहे हैं। गांवों में इस वक्त चर्चा का एक ही मुद्दा है – क्या जनता अपने पुराने विधायक को नए रंग में स्वीकार करेगी, या ‘दलबदलू’ का ठप्पा उनका पीछा नहीं छोड़ेगा।



