शराब के साथ स्कॉर्पियो में सफर खत्म, छापामार दल की नज़र से बच न सके तस्कर

भागलपुर। शराबबंदी के बावजूद बिहार में शराब की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। लेकिन इस बार छापामार दल की मुस्तैदी ने दो तस्करों की ‘मदिरा यात्रा’ बीच रास्ते में ही रोक दी।

घटना सबौर थाना क्षेत्र की है, जहां मध्य निषेध थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक श्री बलकेश्वर राम के नेतृत्व में खनकीता के पास कहलगांव की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। तभी एक स्कॉर्पियो (नं. BR10PA-9414) तेज़ी से आते हुए दिखाई दी। वाहन में सवार दो युवकों ने पुलिस को देखकर गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की — लेकिन छापामार टीम की तत्परता के सामने उनकी चाल बेकार साबित हुई।

गाड़ी को रोककर जब तलाशी ली गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई। स्कॉर्पियो के भीतर 184.125 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। मौके पर ही जब्ती सूची तैयार कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मध्य निषेध थाना ले जाया गया। मालूम हो कि हाल ही में 129.6 लीटर विदेशी शराब की खेप भागलपुर में एक टेंपो से पकडी गई थी।

इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कानून से बचना आसान नहीं, और जो भी इस रास्ते पर चलने की सोच रहे हैं, उनके लिए ये एक सख्त चेतावनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *