खूंटी में थाना प्रभारी पर हमला करने वाले सभी आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कराई परेड, भेजा जेल
खूंटी : खूंटी जिले के रनिया थाना प्रभारी विकास कुमार जायसवाल पर हुए हमले के सभी आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी से पूछताछ की और फिर उन्हें शहर में परेड कराते हुए न्यायिक हिरासत में भेजा।
गिरफ्तार आरोपियों में गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र के ममरला टेंगरा गांव निवासी सुखदेव झोरा उर्फ भोको (20 वर्ष), रनिया के जापुद झोराटोली निवासी सेनेतर भेंगरा उर्फ सोनू (24 वर्ष), बड़काटोली डिगरी निवासी जगतपाल सिंह उर्फ चौठा सिंह (45 वर्ष), मेलानियुस होरो (32 वर्ष), केराटोली डिगरी निवासी मार्शल कोंगाड़ी (66 वर्ष) तथा कनकलोया बरटोली निवासी महिला पूनम भेंगरा (42 वर्ष) शामिल हैं।
इन सभी के खिलाफ रानिया थाना में कांड संख्या 33/25 दर्ज की गई है। मामला अंचलाधिकारी प्रशांत डांग के आवेदन पर 2 नवंबर को दर्ज हुआ था। आरोपियों पर BNS 2023 की धारा 191(2), 191(3), 190, 126(2), 127(2), 115(2), 109, 132 और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तोरपा के एसडीपीओ ख्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम में डीएसपी रामप्रवेश कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, तोरपा थाना प्रभारी मुकेश कुमार हेम्ब्रम, सब-इंस्पेक्टर अमित कुमार सिंह, टिनू कुमार, अमरजीत सिंकू, श्यामल कुम्भकार, सहायक अवर निरीक्षक डोमन टुडू सहित रानिया और तोरपा थानों के सशस्त्र बल जवान शामिल थे।
पुलिस की तत्परता और समन्वित कार्रवाई से कुछ ही दिनों में सभी आरोपी पकड़े गए, जिससे क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।



