घाटशिला उपचुनाव : एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन और झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन 17 अक्टूबर को करेंगे नामांकन, दोनों दलों ने झोंकी पूरी ताकत

गणादेश,रांची: झारखंड की सियासत में चर्चित घाटशिला विधानसभा उपचुनाव का माहौल पूरी तरह गरम हो गया है। सत्तारूढ़ झामुमो और विपक्षी एनडीए, दोनों ने अपने-अपने उम्मीदवारों के नामांकन को लेकर तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। 17 अक्टूबर को एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन और झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। दोनों ही दल नामांकन को शक्ति प्रदर्शन में बदलने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, एनडीए उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन के नामांकन के दौरान प्रदेश भाजपा की पूरी शीर्ष टीम मौजूद रहेगी। इसमें प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सहित अनेक सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी शामिल रहेंगे। भाजपा ने इसे संगठनात्मक एकजुटता दिखाने का अवसर माना है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है।
वहीं, झामुमो की ओर से प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के नामांकन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद मौजूद रहेंगे। उनके साथ राज्य मंत्रिमंडल के कई मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। नामांकन की रणनीति और उपचुनाव में जीत सुनिश्चित करने को लेकर गुरुवार को कांके स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई, जिसमें प्रचार अभियान की रूपरेखा तय की गई। दोनों प्रमुख दलों ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची पहले ही जारी कर दी है और प्रचार की तैयारियाँ जोरों पर हैं। घाटशिला में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। गांव से लेकर शहर तक चुनावी चर्चा चरम पर है। एनडीए और झामुमो के बीच यह मुकाबला सीधा और प्रतिष्ठा का बन चुका है, जिस पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *