दरभंगा विधानसभा से पूर्व आईपीएस अधिकारी आर.के. मिश्रा लड़ेंगे चुनाव, 15 अक्टूबर को करेंगे नामांकन दाखिल,जन सुराज पार्टी ने बनाया है उम्मीदवार
गणादेश,पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज अब पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है। गुरुवार को पार्टी ने 51 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें 7 सीटें सुरक्षित और 44 सामान्य वर्ग की हैं। पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में जातीय संतुलन, ईमानदारी और जनस्वीकार्यता को प्रमुखता दी है।
इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा दरभंगा शहरी सीट की है, जहां से पूर्व आईपीएस अधिकारी, दरभंगा के पूर्व आईजी और बिहार के पूर्व डीजीपी आर.के. मिश्रा को प्रत्याशी बनाया गया है। मिश्रा ने अपने सेवाकाल के दौरान बिहार के कई जिलों में उल्लेखनीय कार्य किया है, लेकिन दरभंगा में उनका कार्यकाल विशेष रूप से यादगार रहा। आज भी स्थानीय लोग उन्हें उनकी सख्त प्रशासनिक छवि और जनहित के कार्यों के लिए याद करते हैं।
अब आर.के. मिश्रा अपनी दूसरी पारी राजनीति के मैदान से शुरू करने जा रहे हैं। वे 15 अक्टूबर को दरभंगा सदर से नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। नामांकन के दिन जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर सहित कई शीर्ष नेता दरभंगा पहुंचेंगे और इसी अवसर पर एक विशाल जनसभा का आयोजन भी किया जाएगा।
दरभंगा में आर.के. मिश्रा की उम्मीदवारी को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। क्षेत्र में चर्चा है कि ईमानदार और सशक्त प्रशासनिक छवि वाले मिश्रा की एंट्री से चुनावी मुकाबला बेहद रोचक हो गया है।



