पंडरा कृषि मंडी की बदहाली पर झारखंड चैंबर का निरीक्षण, शनिवार को कृषि मंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

गणादेश,रांची : पंडरा कृषि मंडी में व्याप्त अव्यवस्था को देखते हुए झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडी का दौरा किया। निरीक्षण में अतिक्रमण, गंदगी, जलजमाव, जर्जर सड़कें, सभी चापानल खराब और सीसीटीवी कैमरों की अनुपलब्धता जैसी गंभीर खामियां पाई गईं। पिछले छह माह से सुरक्षा गार्ड न होने के कारण चोरी-छिनतई जैसी घटनाएं आम हो गई हैं।

व्यापारियों के साथ बैठक में रांची चेंबर, पंडरा के अध्यक्ष संजय महुरी ने कहा कि व्यापारी गंदगी और अंधेरे में काम करने को विवश हैं। पेयजल सुविधा नहीं है और स्ट्रीट लाइट बंद रहने से शाम 6 बजे बाद पूरा बाजार परिसर अंधेरे में डूब जाता है। दुकानों व गोदामों की स्थिति जर्जर है, लेकिन मरम्मती पर भी बाजार समिति रोक लगा देती है।

चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि समस्याओं के निदान के लिए गंभीर प्रयास होंगे। मौके पर ही कृषि मंत्री से मिलने का समय तय किया गया। तय हुआ कि शनिवार को झारखंड चैंबर का प्रतिनिधिमंडल मंत्री से मिलकर स्थिति से अवगत कराएगा।

बैठक में चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *