जमुई में दिल-दहलाने वाली वारदात, सनकी पति ने गर्भवती पत्नी को काट डाला

रंजीत विद्यार्थी,जमुई (मुंगेर) : मुंगेर प्रमंडल अंतर्गत जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र के गंगरा पंचायत अंतर्गत गांधी आश्रम में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां आपसी विवाद के कारण एक पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी और फरार हो गया. मृतका की पहचान गांधी आश्रम निवासी मानो रावत की पुत्रवधु सरिता देवी (25 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई. स्थानीय ग्रामीणों व परिजनों के अनुसार मृतका सरिता देवी और उसके पति शुभम कुमार के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था.

बताया जा रहा है कि घटना के दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ. शाम करीब चार बजे शुभम ने पत्नी को कमरे में बंद कर बेरहमी से मारपीट की और धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी घर की छत से कूदकर फरार हो गया. मृतका के भाई सागर कुमार (निवासी कल्याणपुर, थाना-जमुई) ने बताया कि वर्ष 2022 में सरिता का विवाह शुभम कुमार से कराया गया था. उनका एक वर्षीय पुत्र राघव कुमार है. उन्होंने आरोप लगाया कि शुभम लंबे समय से सरिता के साथ मारपीट करता था और अंततः बुधवार को उसने उसकी हत्या कर दी.घटना को लेकर गिद्धौर थाना प्रभारी दीनानाथ सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया पति द्वारा पत्नी की हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है और स्वजनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *