गुमला में सुरक्षा बल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़,तीन नक्सली ढेर, अत्याधुनिक हथियार समेत भारी हथियार बरामद

रांची : झारखंड के गुमला जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लवादाग जंगल में बुधवार की अहले सुबह झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने नक्सलियों के ठिकाने पर धावा बोला। इस दौरान उग्रवादियों से हुई मुठभेड़ में तीन कुख्यात नक्सली मारे गए, जबकि दो अन्य फरार हो गए।
मुठभेड़ के बाद मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोलाबारूद बरामद किए गए हैं, जिसमें एक AK-56 राइफल, एक एसएलआर और एक इंसास राइफल शामिल है। इसके अलावा कई मैगजीन और कारतूस भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
मारे गए नक्सलियों में एक की हुई पहचान
सुरक्षाबलों द्वारा मारे गए तीन उग्रवादियों में से एक की पहचान बेलगड़ा गांव निवासी दिलीप लोहरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और कई मामलों में वांछित था। बाकी दो नक्सलियों की पहचान की जा रही है।
गुमला एसपी ने दी जानकारी
गुमला एसपी हरिश बिन जमा ने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा,
“यह झारखंड पुलिस के नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता है। दोनों ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें तीन उग्रवादी मारे गए। उनके पास से अत्याधुनिक हथियार बरामद किए गए हैं। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और जल्द ही फरार नक्सलियों को भी पकड़ा जाएगा।”
इलाके में फैली दहशत और राहत
इस मुठभेड़ के बाद से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नक्सली लंबे समय से जंगल में डेरा डाले हुए थे और जबरन लेवी वसूलने का काम करते थे। वहीं सुरक्षाबलों की कार्रवाई से लोगों में राहत है कि इलाके में शांति बहाल होने की उम्मीद जगी है।
पिछले एक माह में दूसरी बड़ी सफलता
गौरतलब है कि गुमला और आसपास के जिलों में पिछले कुछ हफ्तों से सुरक्षाबलों ने नक्सल सफाया अभियान तेज कर रखा है। यह मुठभेड़ पिछले एक महीने के भीतर दूसरी बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे पहले भी सुरक्षाबलों ने पलामू और चतरा इलाके में कई नक्सलियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए थे।
अभियान जारी रहेगा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि झारखंड सरकार और सुरक्षा एजेंसियां नक्सल समस्या के स्थायी समाधान को लेकर सख्त हैं। जंगल में सुरक्षाबलों का अभियान आगे भी जारी रहेगा और जल्द ही इलाके से नक्सली गतिविधियों को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *