कस्तूरबा विद्यालय में आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक में मंत्री दीपिका पांडेय हुई उपस्थित,दिए निर्देश
रांची: महागामा के मेहरमा प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय उच्च विद्यालय में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की पहल पर राज्यभर में चल रहे अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता को मज़बूत करना, अभिभावक-शिक्षक संवाद बढ़ाना और विशेषकर बेटियों की पढ़ाई में निरंतरता सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की दूरदर्शी सोच और प्रतिबद्धता ही इस तरह के प्रयासों की आधारशिला है। उनकी पहल ने यह सुनिश्चित किया है कि कस्तूरबा विद्यालय जैसी संस्थाएँ सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रगति के अवसर देकर बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बना रही हैं।
श्रीमती सिंह ने अभिभावकों और शिक्षकों से आह्वान किया कि वे मिलकर बच्चियों की शिक्षा को निरंतर और मज़बूत बनाने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल सामाजिक न्याय और राज्य के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।



