झूठ और सत्ता-लालसा के सहारे राजनीति कर रही भाजपा : विनोद पांडेय

रांची :भाजपा के राज्यव्यापी प्रदर्शन पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा बिना तथ्यों के लोकप्रिय हेमंत सरकार को बदनाम करने नाकाम कोशिश में अपना और राज्य की जनता का समय बर्बाद करना चाह रही है।

उन्होंने कहा कि सूर्या हांसदा की मौत का मामला विपक्ष जिस तरह पेश कर रहा है, वह भ्रामक है। प्रवक्ता पांडेय ने कहा सूर्या हांसदा का एनकाउंटर उसके घनघोर आपराधिक रिकॉर्ड के कारण हुआ। उसके आपराधिक मामलों का ब्योरा पहले ही सार्वजनिक किया जा चुका है। भाजपा इसे आदिवासी समाज से जोड़ कर जनता को गुमराह कर रही है। सूर्या हांसदा मामले की सरकार ने हर पहलू से पारदर्शी जांच सुनिश्चित की है। लेकिन भाजपा इसे राजनीतिक रोटियां सेंकने का जरिया बना रही है। बिना किसी सबूत के राज्य सरकार पर आरोप लगाना आदिवासी समाज के साथ अन्याय है। भाजपा को राज्य की जांच एजेंसी पर भरोसा नहीं है। केवल केंद्रीय एजेंसियों पर ही आखिर भाजपा को भरोसा क्यों है, ये जग जाहिर हो चुका है।

विनोद पांडेय ने कहा कि नगड़ी में रिम्स-2 के लिए अधिग्रहित जमीन का मामला भी विपक्ष ने तोड़-मरोड़कर पेश किया है। यह परियोजना झारखंड की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए है। रैयतों को उचित मुआवजा और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। भाजपा किसानों के नाम पर झूठ बोलकर विकास रोकने का षड्यंत्र कर रही है। रिम्स टू राज्य के लोगों की आवश्यकता है।

झामुमो प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भाजपा नेताओं को नसीहत दी कि वे जनता को गुमराह करने से पहले अपने शासनकाल में हुए घोटालों और वादाखिलाफी का हिसाब दें। जिनके राज में खनन लूट, दवा खरीद घोटाला और नियुक्तियों में भ्रष्टाचार हुआ, वे आज नैतिकता की बात न करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार आदिवासी, रैयत और गरीबों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा चाहे जितनी नौटंकी कर ले, सरकार विकास और न्याय के एजेंडे से पीछे नहीं हटेगी। जनता ने बार-बार झूठ की राजनीति को नकारा है, आगे भी नकारेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *