सीपी राधाकृष्णन बने देश के नए उप राष्ट्रपति, विपक्षी उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को हराया

दिल्ली : भारत को नया उप राष्ट्रपति मिल गया है। मंगलवार को हुए चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने इंडी गठबंधन के उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को कड़े मुकाबले में हराकर जीत दर्ज की। राधाकृष्णन को कुल 452 वोट मिले, जबकि विपक्षी उम्मीदवार को 300 वोट पर संतोष करना पड़ा। इस प्रकार राधाकृष्णन ने स्पष्ट बहुमत से जीत हासिल की।

चुनाव के नतीजे मंगलवार शाम साढ़े सात बजे घोषित किए गए। मतदान सुबह शुरू हुआ था और देर शाम तक वोटों की गिनती चली। परिणाम घोषित होते ही एनडीए खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। इस दौरान यह भी सामने आया कि विपक्षी खेमे के करीब 15 सांसदों ने क्रॉस वोटिंग की, जिससे राधाकृष्णन की जीत और भी मजबूत हो गई।

उनके उप राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी के बारे में जानकारी मिली है कि वे शीघ्र ही राधाकृष्णन के आवास जाकर उन्हें शुभकामनाएं देंगे।

गौरतलब है कि सीपी राधाकृष्णन फिलहाल महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं और इसके साथ-साथ पुडुचेरी का भी अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे हैं। इससे पहले वे झारखंड के राज्यपाल भी रह चुके हैं। राजनीति और प्रशासन दोनों में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें एनडीए ने उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था।

राधाकृष्णन की जीत से न केवल एनडीए को मजबूती मिली है, बल्कि उनके कार्यकाल से उच्च सदन की कार्यशैली में भी सकारात्मक बदलाव की उम्मीद की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *