भागलपुर स्टेशन पर नारेबाज़ी और झंडा लहराने का वीडियो वायरल, एएसपी ने दिए जांच के आदेश

भागलपुर। ईद-ए-मीलादुन्नबी के मौके पर भागलपुर रेलवे स्टेशन पर कथित रूप से भड़काऊ नारेबाज़ी और फिलिस्तीन का झंडा लहराए जाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक धार्मिक नारों के साथ-साथ फिलिस्तीन ज़िंदाबाद और इज़राइल मुर्दाबाद जैसे नारे लगाते हुए दिख रहे हैं।

सबसे अधिक चर्चा में रहा एक दृश्य, जिसमें एक युवक रेलवे स्टेशन परिसर में एक ट्रॉली पर चढ़कर फिलिस्तीन का झंडा लहराता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो अरमान हुसैन नामक इंस्टाग्राम यूज़र द्वारा पोस्ट किया गया है, जिसकी पहचान की कोशिश की जा रही है।

वीडियो में कथित तौर पर गुस्ताख-ए-नबी की एक ही सजा, सर तन से जुदा जैसे नारे भी सुनाई देने की बात कही जा रही है, जिसे लेकर प्रशासन गंभीर है।

भागलपुर के सीनियर एसपी हृदयकांत ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि युवक की मंशा और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने के लिए पूछताछ की जाएगी। पुलिस युवक की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी हुई है।

इस पूरे प्रकरण पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोप लगाया कि समाजिक सद्भावना को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस और राजद की साजिश करार दिया और कहा कि 1989 के भागलपुर दंगे भी कांग्रेस शासन में हुए थे। उन्होंने मांग की कि ऐसे अवांछनीय तत्वों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

हालांकि, इस वीडियो की गणादेश पुष्टि नहीं करता है। इधर प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *