कार्य संपन्न का बोर्ड लगा, ज़मीन पर काम ग़ायब विधायक से सवाल पूछा तो मिली गाली
भागलपुर। इन दिनों बिहार की राजनीति में मां की गाली को लेकर घमासान मचा है। भाजपा लगातार इस प्रसंग को लेकर कांग्रेस और कांग्रेस सुप्रीमो राहुल गांधी पर हमलावर है। ऐसे में अगर खुद एक भाजपा विधायक की जुबान से असंसदीय बोली निकल जाए, तो सोशल मीडिया एक्स पर बवाल मचना तय है। कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक पवन कुमार यादव का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जनता के सेवक कहे जाने वाले विधायक जी न सिर्फ़ एक ग्रामीण युवक से उलझते दिख रहे हैं, बल्कि उसे गालियां भी देते नज़र आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कहलगांव स्थित गोराडीह प्रखंड का है। इधर विधायक द्वारा योजनाओं के धड़ाधड़ उद्घाटन का सिलसिला भी तेज़ी से जारी है। हालांकि वायरल वीडियो की गणादेश स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता।
मामला एक सरकारी योजना से जुड़ा है। गांव में योजना का कार्य संपन्न का बोर्ड तो लगा दिया गया, लेकिन ज़मीन पर काम शुरू ही नहीं हुआ। बताया गया कि विधायक जी बाइक से शिलान्यास करने गांव पहुंचे थे। तभी भीड़ में मौजूद एक युवक ने सवाल कर लिया बोर्ड कार्य संपन्न का बोर्ड लग गया, पर काम कहां है? और आप शिलान्यास करने चले आए हैं?” बस, इतना सुनते ही विधायक जी का पारा चढ़ गया।
बाइक से उतरते ही विधायक महोदय ने युवक को न सिर्फ़ फटकारा, बल्कि सार्वजनिक स्थल पर उसे अपशब्द कह डाले। जी हां, लोकतंत्र में सवाल पूछना अब शायद गुनाह हो गया है।
यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कई यूज़र्स ने वीडियो साझा करते हुए विधायक के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं – क्या जनप्रतिनिधि का यही स्वरूप होना चाहिए।
विवाद बढ़ता देख विधायक ने सफाई दी कि,
मुख्यमंत्री पटना से इस योजना का शिलान्यास कर चुके हैं, बोर्ड उसी का है। लेकिन सवाल अब भी वहीं का वहीं है – शिलान्यास पटना से हुआ, कार्य संपन्न का बोर्ड भी लग गया आखिर काम ज़मीन पर कब शुरू होगा।
बताया गया कि यह घटना कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के गोराडीह प्रखंड का है, जहां विधायक के आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए थे। जैसे ही बहस गरमाई, विधायक के सरकारी अंगरक्षक बीच-बचाव करते दिखे।
अब देखना यह है कि इस विकास-बोर्ड-गाली प्रकरण पर विधायक कोई माफ़ी मांगते हैं या नहीं, या फिर यह भी एक और कागज़ी उद्घाटन बनकर रह जाएगा।
इधर इस विवाद के सोशल मीडिया एक्स पर चर्चा में आने और अखबार की सुर्खियां बनने के पश्चात आधी रात विधायक ने अपने एक्स पर सफाई देते हुए कहा कि….
” विकास की सच्चाई बनाम विपक्ष की अफवाहें “
प्रिय कहलगांव की देवमई जनता,
विपक्षी दल केवल अफवाह फैलाकर भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं।
लेकिन सच्चाई यह है कि –
वर्तमान में कहलगांव विधानसभा सहित पूरे बिहार में माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी द्वारा 6938 सड़कों का एक साथ शिलान्यास किया गया है।
यह कार्यक्रम दिनांक 12 मई 2025 को पूरे बिहार स्तर पर सम्पन्न हुआ।
अभी शिलान्यास हुआ है, और शिलान्यास के बाद ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होगा। बोर्ड में भी साफ-साफ लिखा हुआ है “कार्यारम्भ / शिलान्यास”, कहीं भी “निर्माण सम्पन्न” नहीं लिखा है। विपक्ष जनता को गुमराह कर अपने निजी स्वार्थ के लिए राजनीति कर रहा है। होगा। लेकिन विकास का काम रुकेगा नहीं और न ही विरोधियों की साजिश से प्रभावित।
मैं, आपके क्षेत्रीय विधायक पवन कुमार यादव के तौर पर यह वचन देता हूँ कि कहलगांव की हर गली, हर मोहल्ला, हर गांव की सड़क जल्द से जल्द निर्माण पूर्ण होगी। यह विकास कार्य न किसी दल का है, न किसी व्यक्ति का… यह कहलगांव की जनता का अधिकार है और उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा।
मेरी अपील है कि आप सभी विरोधियों की झूठी बातों से दिग्भ्रमित न हों और विश्वास रखें कि विकास की गाड़ी तेज़ी से आगे बढ़ रही है।



