स्कूल छोड़ने जा रही मां-बेटी की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार 407 ट्रक ने मारी टक्कर,घंटों सड़क जाम रहा

रांची : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में मां और उसकी छोटी बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मां स्कूटी पर अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान कांके रोड पर तेज रफ्तार से आ रहे 407 ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मां-बेटी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और गुस्से में सड़क जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन से तुरंत ट्रक चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग की।
सूचना मिलते ही कांके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आक्रोशित भीड़ को समझाकर शांत कराया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से ट्रक को जब्त कर लिया है, हालांकि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कांके रोड पर लगातार भारी वाहनों का आवागमन होता है और रफ्तार पर किसी तरह का अंकुश नहीं है। इस वजह से आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से इलाके में स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।
यह हृदय विदारक घटना पूरे इलाके में शोक का विषय बनी हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और आसपास के लोग भी घटना से आक्रोशित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *