शराबबंदी को ठेंगा ,टेंपो से निकल पड़ा, ब्रांड रॉयल गोल्ड कप का जखीरा, 129.6 लीटर
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। शराबबंदी के साये में भी नशे का धंधा थमा नहीं है। इस बार जीरो माइल थाना अंतर्गत विक्रमशिला पुल रोड पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक टेंपो से 129.6 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। छापेमारी इतनी सटीक थी कि शराब तस्कर को भागने तक का मौका नहीं मिला। फिलवक्त, शराबबंदी के बीच ऐसे खुलासे न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं, बल्कि इस बात की ओर भी इशारा करते हैं कि तंत्र में कहीं न कहीं लीकेज अब भी बाकी है।
राज्य में बैन, पर बोतलों में भरकर सफर पर निकली रॉयल’ पार्टी। मामला कोई आम नहीं—यह ‘रॉयल गोल्ड कप’ ब्रांड की विदेशी शराब थी, जिसे किसी जश्न में उड़ाने के लिए ले जाया जा रहा था। लेकिन इससे पहले ही उत्पाद विभाग की टीम ने शराब की इस खेप को पकड़ लिया। गाड़ी की तलाशी ली गई तो बोतलों के साथ-साथ शराब तस्कर की उम्मीदें भी धराशायी हो गईं।
ऑपरेशन: गुप्त सूचना, सटीक कार्रवाई
गुप्त सूचना पर अवर निरीक्षक रितेश कुमार ने अपनी छापामार टीम के साथ विक्रमशिला पुल के पास वाहनों की जांच शुरू की। तभी एक संदिग्ध टेंपो को आते देखा गया। रोकने पर चालक थोड़ी देर तक बहानेबाज़ी करता रहा, लेकिन जब तलाशी ली गई, तो पूरा खेल सामने आ गया।
गाड़ी भी जब्त, आरोपी भी धराया
WB0C3143716 नंबर वाले इस टेंपो को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। चालक को गिरफ्तार कर, टेंपो व शराब की जप्ती सूची बनाकर मध्य निषेध थाना सदर लाया गया। अब उससे पूछताछ की जा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और कहां पहुंचाई जानी थी।



