130वां संविधान संशोधन बिल के खिलाफ झामुमो का बड़ा ऐलान,22 अगस्त को पूरे राज्य में केंद्र सरकार का पुतला फूंकने का फैसला

रांची : संसद में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पेश किए गए 130वें संविधान संशोधन बिल को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। विपक्षी दलों ने इस बिल को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए सड़कों पर उतरने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने ऐलान किया है कि 22 अगस्त को पूरे राज्य में केंद्र सरकार का पुतला दहन किया जाएगा।
गुरुवार को झामुमो प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह बिल लोकतंत्र को समाप्त करने और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश है।
भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर राजतंत्र लागू करना चाहती है। इसी मकसद से गृहमंत्री लगातार ऐसे बिल पेश कर रहे हैं, जो संविधान की मूल भावना पर आघात करते हैं।”
लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को नकारा। 400 पार का दावा करने वाली भाजपा आधे में सिमट गई। इसी हताशा में एसआईआर और अब 130वां संविधान संशोधन बिल लाया गया।”
भाजपा ने ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों को राजनीतिक हथियार बना दिया है। विपक्षी नेताओं पर मुकदमे दर्ज किए गए और जो भाजपा में शामिल हो गए, उनके सारे मामले बंद कर दिए गए।”
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने सहयोगियों नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू को खुश करने के लिए यह बिल लेकर आई है, लेकिन इससे उनके सहयोगी दलों को भी नुकसान झेलना पड़ेगा।भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोकतंत्र लगातार कमजोर हुआ है।
2014 के बाद आरटीआई को कमजोर किया गया, सीएए लाया गया, किसानों के खिलाफ बिल पेश हुए, भूमि अधिग्रहण कानून में बदलाव किए गए और सरकारी संस्थानों का निजीकरण कर दिया गया। बीते दस सालों में भाजपा ने लोकतांत्रिक ढांचे को ही खतरे में डाल दिया है।”
उन्होंने कहा कि 24 अगस्त को पुतला दहन कार्यक्रम के बाद झामुमो अन्य विपक्षी दलों के साथ मिलकर इस बिल के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन चलाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *