जन्माष्टमी के पर अश्लील कार्यक्रम के विरुद्ध एबीवीपी ने किया विरोध प्रदर्शन

रांची: रांची के गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अशोभनीय एवं मर्यादा के विपरीत अश्लील कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाने के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् रांची महानगर इकाई ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

छात्रों ने कहा कि जन्माष्टमी जैसे पावन पर्व पर कॉलेज प्रशासन द्वारा नीचता और अश्लीलता फैलाने वाले कार्यक्रम को अनुमति देना अत्यंत ही निंदनीय है। यह घटना न केवल धार्मिक आस्थाओं को आहत करती है बल्कि छात्र-छात्राओं के नैतिक और शैक्षणिक वातावरण पर भी गहरा दुष्प्रभाव डालती है।

इस पूरे मामले में यह भी स्पष्ट हुआ कि कॉलेज के भीतर कुछ छात्र, जो गुंडागर्दी का माहौल बनाते हैं, उन्हीं के द्वारा इस अश्लील कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यही तत्व बाद में एबीवीपी के विरोध का भी विरोध करने लगे ताकि अपनी गलती छुपा सकें। परिषद् यह मानती है कि यही छात्र इस पूरे कृत्य के असली दोषी हैं और इन्हीं की वजह से कॉलेज का शैक्षणिक वातावरण दूषित हुआ है।

एबीवीपी, राँची महानगर इस कृत्य की कड़ी निंदा करती है तथा कॉलेज प्रशासन से मांग करती है कि इस कांड के लिए जिम्मेदार कॉलेज के प्राचार्य को तत्काल पद से हटाया जाए और साथ ही साथ इस घटना में शामिल छात्रों की पहचान कर उन पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

एबीवीपी यह स्पष्ट करती है कि अगर दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो परिषद् आंदोलन को और उग्र रूप देगी। अभाविप प्रतिनिधि मंडल में केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य दिशा आदित्य के नेतृत्व में रांची महानगर मंत्री तुषार दुबे,शिवम् लोहारा,अंशुल उज्जैन,गोपाल चौहान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *