कहलगांव में सियासी घमासान शुरू: भाजपा नेता कन्हाई मंडल ने अपने ही विधायक पवन यादव पर बोला हमला
भागलपुर। कहलगांव विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के अंदरखाने सियासी उबाल अब सतह पर आ चुका है। पार्टी के ही वरिष्ठ नेता और भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष कन्हाई मंडल उर्फ गौरीशंकर सिंह ने अपने ही दल के विधायक पवन यादव के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है।
बीते एक महीने से कन्हाई मंडल लगातार कहलगांव विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वे न सिर्फ लोगों से मिल रहे हैं, बल्कि एनडीए की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी कर रहे हैं। लेकिन, इन दौरों की आड़ में सियासी संदेश भी साफ झलक रहा है— कन्हाई कहते हैं कि “विधायक से नाराज़ हैं लोग।” यह वीडियो वायरल हो रहा है। वैसे गणादेश ऐसे वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
“विधायक जीत के बाद क्षेत्र में नहीं दिखे” – कन्हाई मंडल का बड़ा आरोप
कन्हाई मंडल का कहना है कि लोगों का सीधा आरोप है कि विधायक पवन यादव ने जीत के बाद क्षेत्र की सुध ही नहीं ली। जनता की समस्याएं जस की तस बनी रहीं, और जनप्रतिनिधि लापता हो गए।
उन्होंने आगे कहा “मुझे पार्टी नेतृत्व ने कहलगांव में एनडीए को मज़बूत करने की ज़िम्मेदारी दी है। जनता की भावनाएं समझना और उन्हें पार्टी से जोड़ना अब मेरी प्राथमिकता है। लेकिन सच्चाई ये है कि मौजूदा विधायक को लेकर क्षेत्र में भारी नाराज़गी है।”
मालूम हो कि कन्हाई मंडल उर्फ गौरीशंकर सिंह पूर्व में जिप उपाध्यक्ष, भाजपा जिला उपाध्यक्ष, नवगछिया जिला अध्यक्ष, नाथनगर प्रभारी जैसे भाजपा के कई महत्वपूर्ण पदों पर आसीन रह चुके हैं। इसके साथ नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ चुके हैं। गंगोत्री समाज से आने के कारण इनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा इन दिनों उफान पर है। फिलवक्त, कन्हाई मंडल ने इशारों – इशारों में मौजूदा विधायक पवन यादव के भविष्य की उम्मीदवारी पर सवाल उठाते हुए एक नया शिगूफा तो छोड़ हो दिया है।फ़िलहाल, कहलगांव विधानसभा से अपनी दावेदारी को लेकर भाजपा नेता चंदन चंद्राकार, ई श्रीकांत कुशवाहा जैसे चेहरे भी होर्डिंग, पोस्टर तथा जनसंपर्क के जरिए जोर आजमा रहे हैं और पटना, दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं. साथ ही यह भी दावा कर रहे हैं कि शीर्ष नेतृत्व से मुझे निर्देश मिल चुका है।



