रांची के हिनू में घर के अंदर मिला अजगर, अफरा-तफरी मचने के बाद रेस्क्यू टीम ने पकड़ा
रांची : राजधानी रांची के हिनू स्थित शुक्ला काॅलोनी में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक घर के अंदर अचानक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। घर के मालिक एन के सिंह और उनके परिवार ने अजगर को देखते ही सहम गए और तुरंत स्थानीय लोगों को मदद के लिए व्याख्या मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपने-अपने मोबाइल से उसकी तस्वीर और वीडियो बनाने में जुट गए।
सूचना पाकर रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने सावधानी बरतते हुए अजगर को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित पकड़ लिया और बोरे में बंद कर अपने साथ ले गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में अक्सर सांप निकलते हैं। हालांकि यह इलाका पूरी तरह रिहायशी है, लेकिन आसपास झाड़ी और जंगल होने की वजह से सांप घर में घुस आया होगा। लोगों ने कहा कि ऐसे हालात में सभी को सतर्क रहना चाहिए।
वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने भी इस बात की पुष्टि की कि सांप बारिश और नमी के कारण अक्सर खुले स्थानों या घरों में आ जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचित करें।



