शेरमारी बाजार में बड़ी चोरी: व्यापारी के घर के 14 ताले तोड़े, 11.50 लाख नकद और 15 लाख के जेवरात चोरी

भागलपुर। सावन में लोग देवघर और बासुकीनाथ की यात्रा पर परिवार सहित घर में ताला लगाकर निकल रहे हैं, और चोर इसका फायदा उठाकर बंद घरों को निशाना बना रहे हैं। जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के शेरमारी बाजार में शनिवार रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चावल व्यापारी वीरेंद्र प्रसाद साह के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए 14 ताले तोड़े और 11.50 लाख रुपये नकद तथा करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना उस समय की है जब व्यापारी का पूरा परिवार देवघर पूजा करने गया हुआ था।

वीरेंद्र साह ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह वे सपरिवार देवघर के लिए रवाना हुए थे और रविवार सुबह जब लौटे, तो देखा कि घर के मुख्य गेट सहित सभी कमरों के ताले टूटे हुए हैं। घर की अलमारियां और तिजोरी भी तोड़ी गई थीं। व्यापारी के अनुसार शुक्रवार को उन्होंने व्यापार से संबंधित कलेक्शन की रकम और बेटी की शादी के लिए रखे गए जेवरात तिजोरी और दो अलमारियों में सुरक्षित रखे थे।

चोरों ने तिजोरी को काटकर 5 लाख रुपये, एक गोदरेज अलमारी से 4 लाख रुपये और दूसरी लॉकर से 2.5 लाख रुपये नकद चुरा लिए। इसके अलावा सोने की दो भर की अंगूठी, तीन भर की चेन, चार भर के नेकलेस, मंगलसूत्र, मांगटीका समेत कुल 15 लाख रुपये के आभूषण भी चोरी कर लिए गए।

घटना की जानकारी मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर अरुण कुमार एवं पीरपैंती थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी कब्जे में लिए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि फुटेज की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि सावन माह में बड़ी संख्या में लोग देवघर और बासुकीनाथ की यात्रा पर जाते हैं, जिसका फायदा उठाकर चोर बंद घरों को निशाना बना रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *