नौकरी के नाम पर 31 लोगों से लाखों की ठगी, साइबर थाने में मामला दर्ज

भागलपुर। राष्ट्रीय बाल शिक्षक योजना के तहत शिक्षक और समन्वयक पदों पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर 31 लोगों से 12 लाख 40 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने मामले को लेकर साइबर थाना में लिखित आवेदन दिया है, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

आवेदकों के अनुसार, उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षक योजना के अंतर्गत निकली भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। कुछ समय पश्चात जब चयन सूची जारी हुई, तो अधिकांश आवेदकों के नाम उसमें शामिल नहीं थे। जब इस संबंध में विज्ञप्ति में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया गया, तो उन्हें आश्वस्त किया गया कि उनका चयन संभव है, लेकिन इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को 40 हजार रुपये का भुगतान करना होगा।

आरोप है कि राशि जमा कराने के बाद एक केंद्र की स्थापना की गई, जिससे सभी आवेदकों को यह प्रक्रिया वैध प्रतीत हुई। किंतु 10–15 दिनों के भीतर ही जब कुछ पीड़ितों ने स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर योजना की पुष्टि करनी चाही, तो अधिकारियों ने ऐसी किसी नियुक्ति या केंद्र से अनभिज्ञता जाहिर की।

इसके बाद जब दिए गए मोबाइल नंबरों पर दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो सभी नंबर बंद मिले। साथ ही, आवेदकों को जो पासवर्ड और लॉगिन आईडी ऑनलाइन प्रदान की गई थी, वह भी अब अमान्य बताई जा रही है।

ठगी का शिकार हुए व्यक्तियों में नितिन कुमार सिंह, बिंदु कुमारी, सीताराम मांझी, आदित्य आनंद, कुंदन कुमार, अनंत कुमार ठाकुर, अनुप्रिया कुमारी, कुमारी प्रतिमा, शालू कुमारी, चंदा कुमारी सहित कुल 31 लोग शामिल हैं। साइबर थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और धोखाधड़ी के इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *