परीक्षा दी, फिर भी एब्सेंट! TMBU में रिजल्ट गड़बड़ी से छात्र आक्रोशित, कॉलेज बंद की चेतावनी

भागलपुर। तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कॉलेजों, विशेषकर टीएनबी कॉलेज में सैकड़ों छात्रों के स्नातक परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी सामने आई है। अनेक छात्रों को, वास्तविक परीक्षा में सम्मिलित होने के बावजूद, एब्सेंट अथवा शून्य अंक प्रदान किए गए हैं। इस गंभीर त्रुटि से छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

इसी मुद्दे को लेकर छात्र राष्ट्रीय जनता दल के टीएनबी कॉलेज अध्यक्ष देव सूरज के नेतृत्व में दर्जनों छात्र विश्वविद्यालय पहुंचे और परीक्षा नियंत्रक से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने विस्तारपूर्वक अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि उन्होंने परीक्षा में सम्मिलित होने के प्रमाण होने के बावजूद उन्हें एब्सेंट दिखाया गया है, जिससे उनका शैक्षणिक सत्र बर्बाद होने की कगार पर है।

अध्यक्ष देव सूरज ने कहा कि यह स्थिति विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन की घोर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने बताया कि छात्र पहले ही चार से पांच बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। प्रशासन की इस उदासीनता से क्षुब्ध होकर छात्र अब आंदोलन के रास्ते पर उतरने को बाध्य हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 9 जुलाई 2025 तक त्रुटिपूर्ण परिणामों में सुधार कर टी.आर. (TR) जारी नहीं किया गया, तो छात्र संगठन की ओर से कॉलेज को पूर्णतः बंद कर दिया जाएगा।

ज्ञापन सौंपते समय अध्यक्ष देव सूरज के साथ रितिक राज प्रिंस, आनंद राज, रोमित, सुभाष कुमार, ग्रेसी आर्य सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सभी ने एकमत होकर कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।

देव सूरज ने दोहराया, छात्रों का भविष्य बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। जब तक अंतिम छात्र का परिणाम नहीं सुधरता, संघर्ष जारी रहेगा। यदि प्रशासन समाधान नहीं करता, तो कॉलेज बंद करना अंतिम विकल्प होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *