चैंबर ऑफ कॉमर्स के 21सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल वियतनाम रवाना

रांची: झारखण्ड एवं वियतनाम के मध्य औद्योगिक एवं व्यापारिक सहयोग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा सात दिवसीय बिजनेस टूर आज से आरंभ हुआ। चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी के नेतृत्व में 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से सोमवार को सुबह 10.30 बजे रवाना हुआ। चैंबर के पूर्व अध्यक्ष आरके सरावगी, विनय अग्रवाल और कुणाल अजमानी ने संयुक्त रूप से प्रतिनिधिमंडल को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया और कहा कि फेडरेशन का यह प्रयास झारखण्ड एवं वियतनाम के बीच औद्योगिक एवं व्यापारिक संबंधों को प्रगाढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। एयरपोर्ट निदेशक आर.आर मौर्या ने भी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्द्धन किया और इस दौरे को राज्य के विकास के लिए सहायक बताया।
बताते चलें कि 24 से 30 जून तक इस अंतर्राष्ट्रीय दौरे में झारखण्ड चैंबर की बैठकें भारतीय राजदूतावास के अलावा इंडियन बिजनेस चेंबर इन वियतनाम, वियतनाम एसोसियेशन ऑफ फॉरेन इंवेस्टेड इंटरप्राइजेज, वियतनाम चेंबर ऑफ कॉमर्स कई स्थानीय कंपनी के उच्चाधिकारियों के साथ प्रस्तावित हैं। चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी और महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने संयुक्त रूप से कहा कि वियतनाम भारत के लिए एक महत्वपूर्ण और व्यापारिक निवेश भागीदार है। दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को और मजबूत करने के लिए कई अवसर मौजूद हैं खासकर टेक्सटाइल, कृषि, आईटी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गुड्स जैसे क्षेत्रों में। वियतनाम से झारखण्ड में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले, इसकी संभावनाओं पर हमारा मुख्य फोकस रहेगा। हमारे प्रदेश से वियतनाम में एक्सपोर्ट की वर्तमान संभावनाओं की भी हम समीक्षा करेंगे ताकि हमारे प्रदेश के अधिकाधिक उद्यमी लाभान्वित हो सकें।

वियतनाम के अंतर्राष्ट्रीय दौरे में चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव विकास विजयवर्गीय, नवजोत अलंग, कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार, शैलेष अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष पवन शर्मा, रंजीत गाडोदिया, सदस्य कमल सिंघानिया, निरंजन शर्मा, अरूण भरतीया, मनोज मिश्रा, चंद्रप्रकाश ढेलिया, राजीव अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विकास मोदी, विशाल वधवानी, ग्यारसीलाल गोयल, सुभाष राजगढिया और सुमित कक्कड शामिल हैं। उक्त जानकारी प्रवक्ता सुनिल सरावगी ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *