नियमित योग करने से जीवन में सकारात्मकता का भाव विकसित होता है :डॉ. सुनील
रांची : रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अजीत कुमार सिन्हा के दिशा निर्देश के आलोक में आर यू के स्कूल ऑफ योग एवं एन एस एस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भाषण, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन निदेशक डॉ सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्कूल ऑफ योगा विभाग में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ योगा के निदेशक डॉ सुनील कुमार सिंह ने कहा कि नियमित योग करने से सकारात्मकता का भाव विकसित होता है एवं सभी स्वस्थ एवं निरोग रहेंगे।उन्होंने कहा कि सभी को अपने दिनचर्या में योग को नियमित रूप से शामिल करना चाहिए ।उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है इसके लिए सभी को योग को अपनाना होगा।
आज के संपन्न विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ संतोषी कुमारी, डॉ मनीष कुमार, डॉ खिलेश कुमार साहू शामिल रहें।
आज के प्रतियोगिता में मूसलाधार बारिश के बावजूद भी अच्छे संख्या में छात्र – छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सभी सफल प्रतिभागियों को 21 जून के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
आज के कार्यक्रम को सफल बनाने में एन एस एस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ संतोषी कुमारी, एन एस एस के टीम लीडर्स क्रमशः दिवाकर आनंद, पुरुषोत्तम कुमार, अंकित कुमार, क्षणिका रानी, निवेदिता भेंगरा, रिकेष कुमार भारद्वाज एवं नवीन किशोर का उल्लेखनीय योगदान रहा।
आर यू के एन एस एस के कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष 11 वीं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह 21 जून को आर यू के दीक्षांत मंडप में योग प्रोटोकॉल, स्कूल ऑफ योग के प्रतिभाशाली विद्यार्थी जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिता में उचित स्थान प्राप्त किया है उनका सम्मान एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल प्रतिभागियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।



