पूर्व आईएएस अधिकारी राजीव कुमार आजसू पार्टी में शामिल हुए

रांची : पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राजीव कुमार ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। इसके लिए शनिवार को कांके स्थित पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो के आवास पर मिलन समारोह का आयोजन किया गया था।पूर्व आईएएस अधिकारी राजीव कुमार का पार्टी में स्वागत करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि सरकार परिणाम नहीं देती है तो जनता को निराशा होती है। समाज के हर वर्ग के लोग हमारे साथ जुड़ रहे हैं। आज प्रशासनिक सेवा से सार्वजनिक जीवन में आने वाले पूर्व आईएएस अधिकारी राजीव कुमार का पार्टी में स्वागत है। इन्होंने बतौर प्रशासनिक अधिकारी बेहतर कार्य किए हैं। राजीव झारखंड को समझने वाले अधिकारी रहे हैं। इनके अनुभव का लाभ पार्टी को जरूर मिलेगा।
आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इस सरकार ने राज्यवासियों का विश्वास तोड़ा है। जनादेश के साथ धोखाधड़ी की है। सरकार पर विश्वास करने का समय अब खत्म हो गया। और मतलब भी नहीं। यह समय और मौका इन्हें इनकी वादाखिलाफी का जवाब देने का है। नियोजन नीति को लेकर झारखंडी युवा छले गए हैं। सरकार का नियत उजागर है। इसके बाद भी कभी 30 हजार कभी 40 हजार नौकरियां देने के वादे किए जा रहे हैं।
वहीं पार्टी में शामिल पूर्व आईएएस राजीव कुमार ने कहा कि पार्टी की नीति और सिद्धांतों से प्रभावित होकर मैं आजसू पार्टी में शामिल हुआ हूं।
इस अवसर पर मुख्य केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, रांची जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, आशुतोष तिवारी, आदिल अजीम, हरिश कुमार इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *