खूंटी बनेगा विभिन्न खेलों का हब: कालीचरण मुंडा

खूंटी: मुरहू प्रखंड अंतर्गत रूमुतकेल पंचायत के सोकोय खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हो गया। समापन समारोह के मौके पर स्थानीय सांसद कालीचरण मुंडा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। सांसद के पहुंचते ही उनका पारंपरिक ढ़ंग से स्वागत किया गया। बाद मैच प्रारंभ होने से पूर्व सांसद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। खेल के प्रति उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में बोलते हुए सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि खेल हमें जीने के तरीके सिखाता है। इसके नियमों को अपने जीवन मे भी उतारना चाहिए। जिस तरह खिलाड़ी मैदान में अंतिम क्षण तक हार नहीं मानते, जीतने के लिए संघर्ष करते हैं, उसी प्रकार हमें अपने जीवन में भी जीत के लिए अंतिम समय तक संघर्ष करते रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा की खेल से शारीरिक विकास के साथ मानसिक विकास भी होता है। प्रतियोगिता की भावन जागृत होती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों मे भी खेल संसाधनों की कमी के बावजूद खिलाड़ी जिस तरह खेल दिखाते है काबिले तारीफ है। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वास्थ्य के लिए तन और मन को सौंदर्यता का बोध कराने की एक मजबूत कड़ी हैं। खेल को खेल भावना और अनुशासित होकर खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खेल को हमेशा अनुशासन में रहकर खेले। खेल में जीत या हार महत्वपूर्ण नही होता खेल को खेल के भावना से खेलना महत्वपूर्ण होता है।
सांसद ने कहा कि खूंटी के खिलाड़ियों में उर्जा की कोई कमी नही है। युवाओं में खेल प्रतिभा को निखारने के लिए में हर संभव प्रयासरत हूं। खेल को बढ़ावा देने के लिये सांसद निधि से कार्य करूंगा और खिलाड़ियों को मजबूत करूंगा। खूंटी को खेल का हब बनाने का पुरजोर प्रयास करूंगा।
खेल समाप्ति के पश्चात विजेता टीम को सांसद ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, पीटर मुंडू, कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ के महासचिव मो नईमुद्दीन खां, जोन हेरेंज, कांग्रेस के मुरहू प्रखंड अध्यक्ष पौलुस पुर्ती, धर्मदास कंडीर, मुखिया प्यारी मुंडू, बिनसाय मुंडा आदि शामिल हुए।
ग्रामीण वेष-भूषा में पहुंचे सांसद
सोकोय गांव में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में सांसद गंवई अंदाज में पहुंचे। माथे पर सफेद पगड़ी, पैरों में हवाई चप्पल, टी-शर्ट और साधरण पैंट पहनकर सांसद कालीचरण मुंडा ग्रामीणों के बीच नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *