झारखंड की सत्ता पाने को लेकर भाजपा मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है: हेमंत सोरेन

रांची:झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने का मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है। बीजेपी का सपना कभी पूरा होने वाला नहीं है,क्योंकि यहां के आदिवासी और मूलवासी अब सजग हो चुके हैं,भाजपा के झांसे में आने वाले नहीं हैं। पूर्व सीएम हेमंत सोरेन शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में झामुमो कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। जेल से छूटने के बाद हेमंत सोरेन से मिलने वालों का तांता लग गया है। राज्य भर से आम जनता और झामुमो कार्यकर्ता रांची उनसे मिलने पहुंच रहे हैं। शनिवार को हेमंत सोरेन ने बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। वहीं कांके रोड में आम सभा भी किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जिस तरीके से झारखंड की जनता ने बीजेपी को सबक सिखाने का काम किया है,उसी तरीके से विधानसभा चुनाव में भाजपा को परिणाम भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि ये झारखंड सिर्फ झारखंड नहीं है, ये वीरों की धरती है। हम वीरों के सपूत हैं। हमें डरने की आवश्यकता नहीं है। डराने वाले बहुत आएंगे, लेकिन वह क्षणभर का तकलीफ होगा। अगर हम उस तकलीफ को सह लिए तो निश्चित रूप से मंजिल झारखंडियों के कदम चूमेगी।

पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा हमें हर संभव तरीके से गुमराह करने और हमारे रास्ते से भटकाने की कोशिश करेंगी।
वहीं खूंटी से आए झामुमो के जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि हेमंत सोरेन के जेल से बाहर निकलने पर हम लोगों में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी का खाता तक खुलने नहीं देंगे। यहां के आदिवासी मूलवासी भाजपा के खिलाफ वोट करेंगे। झामुमो के नेतृत्व में गठबंधन सरकार ने जो विकास का खाका तैयार किया है वह मील का पत्थर साबित हो रहा है। लोगों को राज्य सरकार के द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। लोगों में वर्तमान सरकार के प्रति खुशी है और अगली सरकार भी झामुमो के नेतृत्व में बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *