चतरा सीट पर राजद संजय प्रसाद यादव को उतार सकती है मैदान में…
रांची: लोकसभा चुनाव में एक ओर जहां एनडीए सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है और संबधित प्रत्याशी अपने अपने क्षेत्र में लोगों से जनसंपर्क अभियान में लग गए हैं। वहीं महागठबंधन में अबतक चार सीटों पर ही अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर पाई है।
सबसे मजे की बात तो यह है कि गठबंधन में राजद को एक सीट देने का फैसला हुआ था। लेकिन राजद दो सीटों पर अपने प्रत्याशी को उतारने की बात कर रही है। इसमें चतरा और पलामू है।
पार्टी की ओर से अबतक प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं हुई है। वैसे तो चतरा सीट के लिए अरुण कुमार,नीलम देवी,गिरिनाथ सिंह के नाम की चर्चा चतरा में हो रही है। लेकिन पार्टी यहां पर इस बार मजबूत उम्मीदवार को उतारने की तैयारी में है।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो पार्टी के प्रधान महासचिव और गोड्डा के पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव को चतरा से चुनावी मैदान में उतार सकती है।
संजय प्रसाद यादव एक अनुभवी नेता हैं और पार्टी के लिए समर्पित हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी माने जाते हैं। चतरा में यादव समाज की संख्या अधिक है। वहां पर यादव प्रत्याशी आसानी से जीत दर्ज कर सकते हैं। भाजपा ने सुनील सिंह का टिकट काट कर कालीचरण सिंह को दिया है। इससे भी सुनील सिंह के समर्थकों में पार्टी के प्रति नाराजगी है। ऐसे में संजय प्रसाद यादव के मैदान उतरने से बाजी पलट सकती है।2014 के लोकसभा चुनाव के समय संजय प्रसाद यादव को पार्टी चतरा से उतारना चाहती थी।लेकिन उस समय परिस्थिति नहीं बनी। 2024 में फिर से वहीं संभावना बन रही है।
वहीं पार्टी के प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव से इस विषय पर बात करने पर कहा कि पार्टी यदि मुझे चतरा से टिकट देती है तो निश्चित रूप से जीत कर दिखाऊंगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ पूरे देश में लहर है। केंद्र में अगली सरकार महागठबंधन की बनने जा रही है। जनता भाजपा के शासनकाल से तंग हो चुकी है।

