गुजरात में 89 सीटों पर मतदान शुरू
अहमदाबाद: गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार सुबह 8:00 बजे मतदान शुरू हो गया है। 182 विधानसभा सीटों में से 89 सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इसमें सौराष्ट्र कच्छ और दक्षिणी हिस्से के 19 जिले शामिल हैं। इन 19 जिलों में मतदान हो रहा है। पहले चरण में 788 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनकी किस्मत आज ईवीएम में कैद हो जाएगी। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पहले चरण में 14382 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है।
इनमें से 3311 मतदान केंद्र शहरी इलाके में और 11071 मतदान केंद्र ग्रामीण इलाके में हैं। 13065 मतदान केंद्रों का लाइव वेबकास्ट किया जा रहा है। गुजरात में 27 वर्ष से भाजपा सत्ता पर काबिज है। सातवीं बार सत्ता की बागडोर अपने हाथ में रखने के लिए पार्टी चुनाव लड़ रही है। इस बार चुनाव में भाजपा का मुकाबला कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी से भी है, जो पहली बार गुजरात में चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस 89 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जबकि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी 88 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

