कांग्रेस डेलीगेट ने धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती पर पुष्पंजिल अर्पित किया

रांची :प्रदेश कांग्रेस कमिटी के वरीष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे,लाल किशोर नाथ शाहदेव,डा.राजेश गुप्ता छोटू, फिरोज रिजवी मुन्ना, अभिषेक साहू,संजीत यादव बिरसा मुंडा की जयंती पर बिरसा चौक पहुंचकर धरती आबा भगवान बिरसा को श्रद्धांजलि दी,पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कांग्रेस नेताओं ने झारखण्ड स्थापना दिवस की राज्यवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी।
    अपनी श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए वरीष्ठ कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा बिरसा मुंडा की गणना महान देशभक्तों में की जाती है,भारतीय इतिहास में बिरसा मुंडा एक ऐसे नायक थे जिन्होंने झारखण्ड में अपने क्रांतिकारी चिंतन से आदिवासी समाज की दशा और दिशा बदलकर नवीन सामाजिक और राजनीतिक युग का सूत्रपात किया, काले कानूनों को चुनौती देकर बर्बर ब्रिटिश साम्राज्य को सांसत में डाल दिया, भारतीय जमींदारों और जागीरदार तथा ब्रिटिश शासकों के शोषण की भट्टी में जल रहे आदिवासियों को यातना से मुक्ति दिलाने के लिए उन्हें संगठित किया और जागृत किया। सामाजिक स्तर पर आदिवासियों के इस जागरण से तत्कालीन ब्रिटिश सरकार की चूलें हिल गई। बिरसा मुंडा सही मामले में पराक्रम और सामाजिक जागरण के धरातल पर तत्कालीन युग के एकलव्य और स्वामी विवेकानंद थे। ब्रिटिश हुकूमत ने इसे खतरे का संकेत समझकर बिरसा मुंडा को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया।
   कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा भगवान बिरसा मुंडा अपने कार्यों और आंदोलन की वजह से भगवान की तरह पूजे जाते हैं,बिरसा मुंडा ने मुंडा विद्रोह पारंपरिक भू- व्यवस्था के जमींदारी व्यवस्था में बदलने के कारण किया‌ बिरसा मुंडा ने अपनी सुधारवादी प्रक्रिया के तहत सामाजिक जीवन में एक आदर्श प्रस्तुत किया, उन्होंने नैतिक आचरण की शुद्धता, आत्म सुधार और एकेश्वरवाद का उपदेश दिया,उन्होंने ब्रिटिश सत्ता के अस्तित्व को अस्वीकारते हुए अपने अनुयायियों को सरकार को लगा न देने का आदेश दिया था।
     प्रदेश कांग्रेस नेता डा.राजेश गुप्ता छोटू ने कहा बिरसा मुंडा एक आदिवासी नेता और लोकनायक थे जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित किया और पूरे झारखंड में आन्दोलन किया। कांग्रेस नेता फिरोज रिजवी मुन्ना, अभिषेक साहू एवं संजीत यादव ने कहा भगवान बिरसा मुंडा ने जो संघर्ष और आन्दोलन का मार्ग हमें दिखाया था उसी रास्ते पर चलकर हमें युवाओं को आगे लेकर चलना है।और बिरसा मुंडा के सपने को हकीकत में साकार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *