मांडर में भाजपा का खिलेगा कमल, कांग्रेस की होगी जमानत जब्त: आदित्य साहू

मांडर विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रदेश महामंत्री एवं सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस झामुमो और राजद पर जमकर हमला बोला। प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मांडर उपचुनाव में क्षेत्र के जागरूक मतदाताओं ने भ्रष्टाचार और परिवारवाद के खिलाफ मतदान करने का मन बना लिया है। मांडर उपचुनाव के प्रचार अभियान एवं जनसंपर्क से यह बात स्पष्ट दिखाई पड़ी कि मतदाताओं में भ्रष्टाचार के खिलाफ आक्रोश है। जनता अपने क्षेत्र पर लगे कलंक और अपमान का बदला उपचुनाव में मतदान के माध्यम से लेना चाहती है।

उन्होंने कहा कि 14 दिन के चुनाव प्रचार में एनडीए ने पूरी ताकत से जमीनी स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया।जनसंपर्क अभियान में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद श्री दीपक प्रकाश जी, नेता विधायकदल एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी जी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री रघुवर दास जी, केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन मुंडा जी, श्रीमती अन्नपूर्णा देवी जी, राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा जी एवं आजसू प्रमुख श्री सुदेश महतो जी आम मतदाताओं के बीच गाँव गाँव गए। जमीनी स्तर पर यह बात उभर कर आई कि जनता में राज्य सरकार की वादा खिलाफी, आकंठ भ्रष्टाचार, खनिज संसाधनों की लूट , क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सुविधा का अभाव, चौपट कानून व्यवस्था के खिलाफ आक्रोश है। यही कारण है कि पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के समर्थित उम्मीदवार ज्यादा जीत कर आये।

उन्होंने कहा कि ढाई वर्षो में मांडर ढाई कदम भी विकास कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झामुमो और राजद राज्य की संपत्ति लूट कर अपनी तिजोरी भरने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आय से अधिक संपत्ति मामले में पकड़े जाने और सदस्यता चले जाने के बाद घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।

आदिवासी मूलवासी और राष्ट्रवादी सोच वालों का मिलेगा समर्थन

उन्होंने कहा कि कांग्रेस झामुमो और राजद जनता से आंख नहीं मिला पा रहे हैं। स्वयं मुख्यमंत्री जी भी एक दिन हेलीकाप्टर से प्रचार करने गए किन्तु सरकार की वादा खिलाफी और भ्रष्टाचार पर बोलने की हिम्मत नही हुई। हेलीकॉप्टर दिखा कर भीड़ जुटाने का प्रयास किया गया किंतु जनता ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को नकार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में मांडर का खूब विकास हुआ था। गांव गरीब किसान के विकास कार्यक्रमो के साथ मांडर में चौड़ी सड़कें भी बनाई गई जिसका लाभ जनता को मिल रहा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस झामुमो और राजद वंशवाद की राजनीति करती है, मांडर में भी वंशवाद को बढ़ावा दिया गया।

तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ भी आम जनता में आक्रोश है, जिसका परिणाम इस चुनाव में राज्य के सत्ताधारियों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रत्याशी श्रीमती गंगोत्री कुजूर को उपचुनाव में आदिवासी ,मूलवासी और सभी राष्ट्रवादी सोच वाले मतदाताओं का समर्थन मिलेगा। पूरे क्षेत्र में पूर्व की भाजपा सरकार द्वारा किये गए विकास, लोककल्याणकारी कार्यक्रमो की चर्चा हो रही है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांव गरीब किसान मजदूर शोषित दलित पीड़ित को ध्यान में रखकर काम कर रहे हैं। जबकि हेमंत सरकार पैसे और परिवार के लिए राजनीति करती है।

श्रीमती गंगोत्री कुजूर जी रिकॉर्ड वोट से यह उपचुनाव जीतकर विधानसभा में मांडर क्षेत्र की जनता की आवाज बुलंद करेगी। कांग्रेस का जमानत जब्त होना तय है। मांडर में इस बार भारतीय जनता पार्टी की का कमल खिलेगा।

प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *