विशेष सत्र में जेपीएससी-जेएसएससी के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा, सीबीआई जांच की मांग
रांची : झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार को शुरू हुआ। सत्र के पहले दिन एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा होनी है। साथ ही इसके विरोध में प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की तैयारी है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के विधायकों ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर विधायकों ने दोनों मामलों की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
वहीं, एसआईआर को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच भी आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिला। विपक्ष ने एसआईआर के नाम पर जनता में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया, जबकि सत्ता पक्ष ने लाखों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काटे जाने का दावा किया। सत्तापक्ष के झामुमो विधायक रामसूर्या मुंडा, मंत्री इरफान अंसारी, कांग्रेस विधायक नमन विक्सल और जेएलकेएम विधायक जयराम महतो ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में कई त्रुटियां हैं। इसमें सुधार की जरूरत है।वहीं, बीजेपी विधायक प्रदीप प्रसाद, उज्ज्वल दास और प्रकाश राम ने एसआईआर को सही ठहराते हुए इसे नियमित प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि हर दस साल में मतदाता सूची का पुनरीक्षण होता है। ऐसे में कांग्रेस बेवजह इस मुद्दे पर हाय-तौबा मचा रही है। इस तरह विशेष सत्र के पहले दिन एसआईआर और जेपीएससी-जेएसएससी के मुद्दे पर पक्ष-विपक्ष के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का माहौल बना रहा।

