महिला सशक्तीकरण, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता एवं जनकल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित
खूंटी : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले में शनिवार को विभिन्न विभागों द्वारा जनभागीदारी एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जेएसएलपीएस के महिला समूहों की दीदियों के बीच रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें काफी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, समाज कल्याण विभाग द्वारा सुरक्षित मातृत्व कार्यक्रम के तहत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के साथ बैठक कर पंजीकरण, स्वास्थ्य देखभाल एवं बच्चों के बेहतर पालन-पोषण को लेकर जागरूक किया गया।
पंचायतीराज विभाग द्वारा विद्यालयों में स्वच्छता एवं झारखंड की संस्कृति और विरासत विषय पर चित्रकला, निबंध, भाषण, वाद-विवाद एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। साथ ही प्रभात फेरी एवं बाल सभा के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया।
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना सहित अन्य आवास योजनाओं के लाभुकों के गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, सोना-सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना के तहत लाभुकों के बीच धोती-साड़ी का वितरण किया गया।
कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा तोरपा प्रखंड परिसर में कृषि मेला-सह-खेत बचाव एवं आजीविका मेला आयोजित किया गया। मेले में किसानों द्वारा उत्पादित सब्जियों की प्रदर्शनी लगाई गई तथा विशेषज्ञों ने बेहतर खेती के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम में माननीय विधायक तोरपा, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल हुए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा तोरपा प्रखंड के तपकरा में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया, जहां चिकित्सकों ने मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की तथा दवाओं का वितरण किया।
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, कृषि एवं आजीविका संवर्धन, शिक्षा, स्वच्छता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा बच्चों के बीच खेल सामग्री का वितरण किया गया।

